किशनगंज रेलवे लाइन के पास नशा बेचते रंगे हाथ पकड़ा गया, पेडलर की निशानदेही पर पुलिस ने मुख्य सप्लायर को भी दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना डीबीजी रोड के अंतर्गत आने वाली सिद्धीपुरा पुलिस चौकी ने नशा मुक्त अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने न केवल नशीले पदार्थ बेचने वाले एक पेडलर को गिरफ्तार किया, बल्कि उसकी निशानदेही पर मुख्य सप्लायर को भी दबोच लिया है। इस संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने कुल 28.46 ग्राम स्मैक, एक इलेक्ट्रॉनिक तराजू और नशा बेचकर कमाई गई नकदी बरामद की है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 31 मार्च को किशनगंज की लोको रेलवे कॉलोनी के पास गश्त के दौरान कांस्टेबल विशाल और शीशराम ने संदिग्ध गतिविधि देखी। वहां एक युवक भीड़ से घिरा हुआ था और नशीले पदार्थ बेच रहा था। पुलिस को देखते ही ग्राहक तो भाग गए, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर आशीष उर्फ चांगु को दबोच लिया। एनडीपीएस एक्ट की औपचारिकताओं के बाद तलाशी लेने पर उसके पास से 12.34 ग्राम स्मैक बरामद हुई।

पूछताछ और पुलिस रिमांड के दौरान आशीष ने खुलासा किया कि वह यह स्मैक स्थानीय सप्लायर मोहम्मद इमरान से खरीदता था। इस सूचना पर एसीपी पहाड़गंज सौरभ ए. नरेंद्र के मार्गदर्शन और डीबीजी रोड थाना प्रभारी इंस्पेक्टर रणधीर सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम (चौकी प्रभारी एसआई सुमित सिंह, एएसआई लक्ष्मी नारायण व अन्य) का गठन किया गया। टीम ने 1 अप्रैल को किशनगंज स्थित डीसीएम स्कूल के पास छापेमारी कर मोहम्मद इमरान को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। इमरान के पास से 16.12 ग्राम स्मैक और नशा तौलने वाला ‘विर्गो’ ब्रांड का तराजू बरामद हुआ।

जांच में सामने आया कि आरोपी आशीष उर्फ चांगु एक पेशेवर अपराधी है। उस पर पहले से ही सदर बाजार, डीबीजी रोड, रूप नगर और सराय रोहिल्ला थानों में चोरी, झपटमारी और लूट के 10 गंभीर मामले दर्ज हैं। वह जेल से बाहर आकर रेलवे लाइनों के पास स्मैक बेचने के धंधे में शामिल हो गया था। पुलिस ने इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और अब इस पूरे नेटवर्क के मुख्य स्रोत का पता लगाने की कोशिश कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More