जामा मस्जिद पुलिस पकड़ा स्कूटी चोर; मधु विहार से चोरी हुई एक्टिवा बरामद

नई दिल्ली: सेंट्रल जिले के थाना जामा मस्जिद की पुलिस टीम ने मुस्तैदी और सतर्कता का परिचय देते हुए एक वाहन चोर को चोरी की वारदात के महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक होंडा एक्टिवा स्कूटी बरामद की है, जिसे पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके से चुराया गया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 3 अप्रैल को जामा मस्जिद थाने के हेड कांस्टेबल विपिन कुमार और कांस्टेबल सीताराम मीना बाजार के दंगाल पार्क और ओल्ड आरसीसी रोड के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने एक ग्रे रंग की स्कूटी पर सवार युवक को संदिग्ध हालत में देखा। पुलिस ने जब उसे रुकने का इशारा किया, तो आरोपी ने अचानक यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया।

वहां पास में ही गश्त कर रहे हेड कांस्टेबल विजय ने तुरंत हस्तक्षेप किया और आरोपी को स्कूटी समेत दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी भागने का कोई संतोषजनक कारण नहीं बता सका और न ही स्कूटी के मालिकाना हक के दस्तावेज पेश कर पाया। जब पुलिस ने जिपनेट के जरिए स्कूटी के नंबर की जांच की, तो पता चला कि यह स्कूटी 2 अप्रैल को थाना मधु विहार इलाके से चोरी हुई थी और इस संबंध में ई-एफआईआर दर्ज है।

पकड़े गए आरोपी की पहचान भोलेश्वर (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पूर्वी दिल्ली के पटपड़गंज का रहने वाला है। पुलिस ने उसे बीएनएसएस की धारा 35(1)(b) के तहत गिरफ्तार कर लिया है और इसकी सूचना मधु विहार थाने को दे दी गई है। एसीपी दरियागंज कमल शर्मा के मार्गदर्शन और जामा मस्जिद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर आदेश प्रकाश के नेतृत्व में की गई इस त्वरित कार्रवाई ने एक बार फिर दिल्ली पुलिस की कार्यकुशलता को साबित किया है। फिलहाल पुलिस आरोपी के पुराने आपराधिक इतिहास को खंगाल रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More