रोशन नगर में दिल्ली के युवक की चाकू मारकर हत्या का मामला सुलझा, पुलिस ने नाबालिग समेत 5 को दबोचा

फरीदाबाद : फरीदाबाद के रोशन नगर इलाके में बुधवार रात एक 25 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या करने के मामले को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस चौकी नवीन नगर की टीम ने तत्परता दिखाते हुए एक नाबालिग सहित कुल पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान प्रिंस, रोशन, राहुल और हर्ष के रूप में हुई है, जो दिल्ली के जैतपुर और आसपास के इलाकों के निवासी हैं। पुलिस मुख्य आरोपी अमन से पूछताछ कर रही है और सभी को शुक्रवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, मृतक की पहचान जैतपुर विस्तार (दिल्ली) निवासी मानस राय (25) के रूप में हुई है। मृतक के पिता राजकुमार राय द्वारा थाना पल्ला में दी गई शिकायत के मुताबिक, मानस की जान-पहचान रोशन नगर की एक युवती से थी। 1 अप्रैल की रात करीब 10 बजे मानस अपने दोस्त हर्ष के साथ उस युवती से मिलने उसके घर गया था। जब वे घर के भीतर युवती के पिता से बात कर रहे थे, तभी युवती की छोटी बहन अपने परिचित अमन और अन्य साथियों के साथ वहां पहुंची और विवाद शुरू कर दिया।

पूछताछ में सामने आया कि मुख्य आरोपी अमन की मानस राय के साथ पुरानी रंजिश चल रही थी। जैसे ही विवाद बढ़ा, अमन ने अपनी जेब से चाकू निकालकर मानस पर हमला कर दिया। मानस के दोस्त हर्ष ने बीच-बचाव की कोशिश की तो उसके हाथ में चोट आई, जिसके बाद अमन ने मानस के पेट में चाकू घोंप दिया। अन्य आरोपियों ने भी दोनों के साथ जमकर मारपीट की। गंभीर हालत में मानस को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

नवीन नगर पुलिस चौकी की टीम ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की मदद से दबिश दी और 24 घंटे के भीतर पांचों आरोपियों को काबू कर लिया। पुलिस का कहना है कि फरीदाबाद पुलिस संगीन अपराधों में संलिप्त अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। पकड़े गए आरोपियों से वारदात में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी और अन्य कड़ियों को जोड़ने के लिए गहन पूछताछ की जा रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More