शादियों में ढोल बजाने की बुकिंग को लेकर खूनी संघर्ष, कुल्हाड़ी से हमला करने वाले तीन गिरफ्तार

फरीदाबाद : औद्योगिक नगरी फरीदाबाद के बल्लभगढ़ इलाके में शादियों में ढोल बजाने की बुकिंग को लेकर उपजा विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मोहन रोड स्थित झुग्गियों में मामूली कहासुनी के बाद एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कुल्हाड़ी और लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया। इस मामले में तत्परता दिखाते हुए पुलिस चौकी अग्रसेन की टीम ने मुख्य आरोपी चाँदसौदा, उसके भाई सूरज और सुभाष को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, यह पूरी घटना 29 मार्च की है। सेक्टर-64 C स्थित झुग्गियों के निवासी मनीष ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि आरोपी चाँदसौदा ने पहले उसके भाई कुनाल के साथ झगड़ा किया था। विवाद के कुछ ही देर बाद आरोपी अपने भाई सूरज, सुभाष और साथी रोहन के साथ लाठी-डंडों और कुल्हाड़ी से लैस होकर मनीष के घर पहुँच गया। घर पहुँचते ही आरोपियों ने हमला बोल दिया। जब मनीष को बचाने उसका भाई कुनाल और ताऊ रामजीत आए, तो आरोपियों ने उनके साथ भी बेरहमी से मारपीट की। इस दौरान आरोपी सूरज ने मनीष के सिर पर कुल्हाड़ी से जोरदार वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

पुलिस जांच और पूछताछ में यह सनसनीखेज खुलासा हुआ कि आरोपी और पीड़ित पक्ष दोनों ही पड़ोसी हैं और शादियों में ढोल बजाने का काम करते हैं। पिछले काफी समय से शादियों की बुकिंग हथियाने को लेकर इनके बीच खींचतान चल रही थी। 29 मार्च को भी चाँदसौदा और कुनाल के बीच इसी बात को लेकर तीखी बहस हुई थी। इसी रंजिश का बदला लेने के लिए चाँदसौदा ने अपने भाइयों के साथ मिलकर पीड़ित के घर पर हमला करने की योजना बनाई थी।

शहर बल्लभगढ़ थाना पुलिस ने मनीष की शिकायत पर संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। चौकी अग्रसेन की टीम ने साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को आदर्श नगर थाना क्षेत्र के सामने स्थित झुग्गियों से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस मामले के चौथे आरोपी रोहन की तलाश में जुटी है, जो फिलहाल फरार बताया जा रहा है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए गश्त बढ़ा दी गई है और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More