तीन साल बाद जहांगीरपुरी में पूर्ण स्वरूप में निकली हनुमान जन्मोत्सव पर विजय यात्रा, सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में हनुमान जन्मोत्सव का पर्व गुरुवार को अत्यंत हर्षोल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। समूचे इंद्रप्रस्थ प्रांत में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के तत्वावधान में भव्य शोभायात्राएं निकाली गईं। विशेष रूप से उत्तम नगर और जहांगीरपुरी में उमड़े जनसैलाब ने इस उत्सव को विजय और संकल्प के पर्व के रूप में तब्दील कर दिया। इस अवसर पर वक्ताओं ने हिंदू समाज की सुरक्षा, स्वाभिमान और चुनौतियों पर बेबाकी से अपनी बात रखी।

उत्तम नगर में आयोजित शोभायात्रा को संबोधित करते हुए विहिप के प्रांत मंत्री सुरेंद्र कुमार गुप्ता ने समस्त हिंदू समाज को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने वैश्विक परिदृश्य पर कटाक्ष करते हुए कहा, “आजकल पूरी दुनिया में ‘रविवार’ वाले और ‘शुक्रवार’ वालों के बीच झगड़ा चल रहा है, लेकिन हम ‘मंगलवार’ वाले हैं और वीर बजरंगी के सच्चे अनुयायी हैं।” उन्होंने तीन वर्ष पूर्व जहांगीरपुरी में हुई हिंसा का स्मरण कराते हुए कहा कि इस वर्ष लगभग तीन किलोमीटर लंबे मार्ग पर पूर्ण स्वरूप में यात्रा निकालने की अनुमति मिलना हिंदू समाज की सामूहिक विजय है। गुप्ता ने समाज से हर मंगलवार शाम सात बजे सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ करने का आह्वान किया और घोषणा की कि विहिप जल्द ही एक विशेष हेल्पलाइन और ऐप लॉन्च करेगी।

वहीं, जहांगीरपुरी की ऐतिहासिक शोभायात्रा में प्रांत संगठन मंत्री श्री सुबोध चंद और बजरंग दल प्रांत संयोजक जगजीत सिंह गोल्डी की उपस्थिति रही। गोल्डी ने तीन साल बाद यात्रा की पूर्ण अनुमति देने के लिए प्रशासन का आभार व्यक्त किया, लेकिन साथ ही कड़े लहजे में चेतावनी भी दी। उन्होंने कहा कि जिस मुस्तैदी से प्रशासन हिंदू यात्राओं को प्रतिबंधित करने का प्रयास करता है, वैसी ही सख्ती उसे क्षेत्र में बढ़ते ‘लव जिहाद’, धर्मांतरण और नशे के अवैध कारोबार पर भी दिखानी चाहिए। उन्होंने इन खतरों से हिंदू समाज को बचाने के लिए पूर्ण प्रतिबंध की मांग की।

इंद्रप्रस्थ प्रांत के प्रत्येक जिले में निकाली गई इन शोभायात्राओं में भारी संख्या में मातृशक्ति और युवा सम्मिलित हुए। त्रिनगर और उत्तम नगर जैसे क्षेत्रों में उभरती नई चुनौतियों का उल्लेख करते हुए विहिप नेताओं ने स्पष्ट किया कि संगठन संवैधानिक और विधिक तरीके से हर समस्या का सामना करने के लिए तैयार है। पूरे कार्यक्रम के दौरान प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों और मार्ग का पूर्ण पालन किया गया। जिला मंत्री प्रेम कुमार सहित बड़ी संख्या में बजरंगी और श्रद्धालु इस भक्तिमय उत्सव के साक्षी बने, जिससे पूरी दिल्ली ‘जय श्री राम’ और ‘जय बजरंग बली’ के जयघोष से गुंजायमान रही।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More