दिल्ली में ट्रैफिक जाम का होगा अंत: महरौली-गुरुग्राम और मथुरा रोड होंगे सिग्नल फ्री, कई नए फ्लाईओवरों को मंजूरी

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के निवासियों को जल्द ही भीषण ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने वाली है। केंद्र सरकार दिल्ली की प्रमुख सड़कों पर भीड़भाड़ कम करने के लिए कई महत्वाकांक्षी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लागू कर रही है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा ने लोकसभा में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी द्वारा उठाए गए सवालों के जवाब में इन परियोजनाओं का विस्तृत ब्योरा पेश किया। उन्होंने बताया कि इन योजनाओं के पूरा होने से घंटों की दूरी महज कुछ मिनटों में तय की जा सकेगी।

संसद में जानकारी देते हुए हर्ष मल्होत्रा ने बताया कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के अंतर्गत दिल्ली की तीन प्रमुख सड़कों को पूरी तरह सिग्नल फ्री बनाया जा रहा है। इसमें महरौली-गुरुग्राम रोड और आश्रम से बदरपुर बॉर्डर तक मथुरा रोड शामिल है। वर्तमान में आश्रम से बदरपुर तक के सफर में करीब सवा घंटा लगता है, जिसे तीन नए फ्लाईओवरों के निर्माण के जरिए खत्म किया जाएगा। इसी तरह महरौली-गुरुग्राम रोड पर फ्लाईओवर बनने से एक घंटे की दूरी सिर्फ 15 मिनट में सिमट जाएगी। पंजाबी बाग से टीकरी बॉर्डर तक के मार्ग के लिए भी डीपीआर तैयार की जा रही है, जिससे डेढ़ घंटे का सफर 30 मिनट का रह जाएगा।

गुड़गांव से दिल्ली आने वाले वाहन चालकों को जाम से बचाने के लिए सरकार ने शिवमूर्ति से नेल्सन मंडेला मार्ग तक 5 किलोमीटर लंबी सुरंग बनाने का काम शुरू कर दिया है। इस अत्याधुनिक टनल परियोजना पर करीब 3500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त, कालिंदी कुंज में जहाँ छह प्रमुख सड़कें और मुंबई एक्सप्रेस-वे आकर मिलते हैं, वहाँ धौलाकुआं की तर्ज पर एक विशाल और सुव्यवस्थित सर्कल विकसित किया जाएगा ताकि यातायात सुचारू रूप से चल सके।

केंद्रीय मंत्री ने दिल्लीवासियों के लिए एक और बड़ी खुशखबरी साझा करते हुए बताया कि बहुप्रतीक्षित दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे का लोकार्पण अगले 8 से 10 दिनों के भीतर कर दिया जाएगा। साथ ही, मुंबई एक्सप्रेस-वे पर डीएनडी से फरीदाबाद तक का एलिवेटेड रोड आगामी छह महीनों में यातायात के लिए खोल दिया जाएगा। सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी ने इन परियोजनाओं के लिए केंद्र सरकार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ये कदम दक्षिण दिल्ली सहित पूरी राजधानी की तस्वीर बदल देंगे और प्रदूषण कम करने में भी सहायक सिद्ध होंगे।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More