फिल्मी स्टाइल में दहशत फैलाने वाले दो शातिर दबोचे, सोशल मीडिया पर हथियारों के प्रदर्शन का शौक पड़ा भारी

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिला पुलिस ने सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन कर दहशत फैलाने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। जिले की एएटीएस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए दो ऐसे युवकों को गिरफ्तार किया है, जो फिल्मी गैंगस्टरों से प्रभावित होकर इंस्टाग्राम पर अवैध हथियारों के साथ वीडियो पोस्ट कर अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने इनके पास से दो अवैध देसी पिस्टल और कारतूस बरामद किए हैं।

दक्षिण जिले के डीसीपी अंकित मित्तल के अनुसार, दिल्ली-एनसीआर में हाल की गोलीबारी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अपराधियों और अवैध हथियारों पर पैनी नजर रख रही थी। इसी दौरान एएटीएस टीम को इंस्टाग्राम की कुछ संदिग्ध आईडी के बारे में जानकारी मिली। इन प्रोफाइल्स पर हथियारों और चाकुओं के साथ रील पोस्ट की जा रही थी, जिसका उद्देश्य इलाके में डर और दबदबा बनाना था।

इंस्पेक्टर उमेश यादव के नेतृत्व वाली टीम ने पहली कार्रवाई 27-28 मार्च की दरमियानी रात को की। सटीक सूचना के आधार पर संगम विहार के बांध रोड के पास जाल बिछाया गया और 20 वर्षीय यामीन पुत्र राजू को दबोच लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल और जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में यामीन ने बताया कि वह केवल अपना प्रभाव जमाने के लिए यह सब कर रहा था।

यामीन से सख्ती से हुई पूछताछ में एक बड़े नाम का खुलासा हुआ, जिसे वह ‘रावण’ कहकर संबोधित कर रहा था। पुलिस ने तुरंत अपनी जांच का दायरा बढ़ाया और 29-30 मार्च की रात को साकेत के पुष्प विहार इलाके में छापेमारी की। वहां से पुलिस ने 26 वर्षीय धर्मवीर कामती उर्फ रावण को गिरफ्तार किया। धर्मवीर के पास से भी एक अवैध देसी पिस्टल बरामद की गई है। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह इंस्टाग्राम के जरिए अपनी खौफनाक छवि बनाने में जुटा था।

पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपियों का पिछला कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। वे केवल स्थानीय गैंगस्टरों और फिल्मी गैंगस्टरों के रहन-सहन और उनके स्टाइल से प्रभावित थे। शॉर्टकट तरीके से नाम कमाने और लोगों को डराने के लिए उन्होंने अवैध हथियारों का सहारा लिया।

एसीपी (ऑपरेशंस) अरविंद कुमार और अभिनेंद्र जैन की देखरेख में पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि इन युवकों को हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी। डीसीपी अनंत मित्तल ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर आपराधिक गतिविधियों को बढ़ावा देने वालों के खिलाफ जिला पुलिस का अभियान लगातार जारी रहेगा।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More