नेब सराय पुलिस ने कोकीन के साथ विदेशी तस्कर को पकड़ा, सवा लाख की कोकीन बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण दिल्ली के थाना नेब सराय की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय कोकीन सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसके तार एक अंतरराष्ट्रीय नाइजीरियाई ड्रग सिंडिकेट से जुड़े हैं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 19.45 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली कोकीन बरामद की है, जिसकी बाजार में कीमत ₹1 लाख से अधिक आंकी गई है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि संगठित अपराध और नशीले पदार्थों के नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर नेब सराय थाने की एक विशेष टीम तैनात की गई थी। 29 मार्च को जब एसआई विवेक और उनकी टीम देवली के राजू पार्क इलाके में गश्त कर रही थी, तब उन्होंने एक विदेशी नागरिक को संदिग्ध हालत में देखा। पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने पीछा कर उसे धर दबोचा।

नेब सराय थाना प्रभारी इंस्पेक्टर पारस नाथ वर्मा के नेतृत्व और एसीपी संगम विहार मुकेश वालिया के पर्यवेक्षण में की गई इस कार्रवाई में पकड़े गए आरोपी की पहचान इकेना गियस एज़े (39 वर्ष) के रूप में हुई है। वह मूल रूप से लागोस, नाइजीरिया का रहने वाला है और वर्तमान में राजू पार्क, देवली में किराए के मकान में रह रहा था। तलाशी के दौरान उसके पास से पारदर्शी पुड़िया में कोकीन बरामद हुई, जिसकी मौके पर ही टेस्टिंग किट से पुष्टि की गई।

पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में कोकीन की छोटी-छोटी खेप सप्लाई करता था। पुलिस ने इस संबंध में थाना नेब सराय में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि यह नशीला पदार्थ कहाँ से लाया गया था और इस सिंडिकेट में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। पुलिस की टीमें अब इस अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के ‘फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज’ को खंगालने में जुटी हैं ताकि मुख्य सरगना तक पहुँचा जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More