मोहन गार्डन इलाके से शातिर लुटेरा गिरफ्तार; चोरी की बाइक और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिले के थाना मोहन गार्डन की टीम ने ‘ऑपरेशन कवच’ के दौरान मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर लुटेरे और झपटमार को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी की एक होंडा शाइन मोटरसाइकिल बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुमित उर्फ हकला (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो नवादा हाउसिंग कॉम्प्लेक्स, उत्तम नगर का रहने वाला है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 30 मार्च की रात हेड कांस्टेबल जितेंद्र और धर्मेंद्र मोहन गार्डन के 55 फुटा रोड के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने खेड़ी बाबा पुल की ओर से एक युवक को आते देखा। पुलिस टीम को सामने देख युवक ने पीछे मुड़कर भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने पीछा कर उसे दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ।

मोहन गार्डन थाना प्रभारी इंस्पेक्टर मुकेश अंतिल के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने जब आरोपी सुमित से कड़ी पूछताछ की, तो उसने वाहन चोरी की बात भी स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने एक मोटरसाइकिल बरामद की, जो थाना डाबड़ी इलाके से चोरी की गई थी। इस संबंध में थाना मोहन गार्डन में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, सुमित उर्फ हकला एक आदतन अपराधी है। उस पर पहले से ही मोहन गार्डन थाने में लूट, झपटमारी और चोरी के दो गंभीर मामले दर्ज हैं। वह जेल से बाहर आने के बाद फिर से वारदातों को अंजाम देने लगा था। एसीपी नजफगढ़ प्रक्षय कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी के वाहनों को वह कहाँ ठिकाने लगाता था।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More