कश्मीरी गेट पर ₹2 करोड़ की हेरोइन के साथ तस्कर गिरफ्तार; स्विफ्ट कार जब्त

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तरी जिले की एंटी-नारकोटिक्स सेल ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बड़ी सफलता अर्जित की है। पुलिस टीम ने कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास रणनीतिक घेराबंदी कर एक ड्रग सप्लायर को गिरफ्तार किया है, जिसके कब्जे से 405 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की अनुमानित कीमत करीब ₹2 करोड़ आंकी गई है। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल मारुति स्विफ्ट कार को भी जब्त कर लिया है।

उत्तरी जिले के डीसीपी राजा बांठिया ने बताया कि ऑपरेशन सेल के एसीपी विशेष धत्तावाल के मार्गदर्शन और एंटी-नारकोटिक्स सेल प्रभारी इंस्पेक्टर संजय कुमार के नेतृत्व में एक समर्पित टीम (एसआई रिंकू, एएसआई अशोक व अन्य) का गठन किया गया था। 29 और 30 मार्च की दरमियानी रात पुलिस को सूचना मिली कि एक तस्कर कार से हेरोइन की सप्लाई करने कश्मीरी गेट आने वाला है। सूचना पर कार्रवाई करते हुए टीम ने आईएसबीटी के सामने सार्वजनिक शौचालय के पास जाल बिछाया। तड़के करीब 3:30 बजे जब संदिग्ध कार पहुंची, तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया। चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन सतर्क टीम ने उसे दबोच लिया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान चिराग (23 वर्ष) के रूप में हुई है, जो ख्याला की डीडीए कॉलोनी का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से हेरोइन की बड़ी खेप बरामद हुई। पूछताछ में चिराग ने खुलासा किया कि उसने यह माल रघुवीर नगर निवासी ‘श्याम’ नामक व्यक्ति से लिया था और उसे कश्मीरी गेट पर किसी को डिलीवर करना था। आरोपी पहले सेकंड हैंड कारों की खरीद-बिक्री का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ महीनों से बेरोजगार होने और आर्थिक तंगी के कारण वह नशे की तस्करी के दलदल में उतर गया।

पुलिस ने इस संबंध में थाना कश्मीरी गेट में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली है। चिराग स्कूल ड्रॉपआउट है और उसके दो बच्चे हैं। फिलहाल पुलिस मुख्य सप्लायर श्याम की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है और इस बात की जांच कर रही है कि यह चेन और कहाँ तक फैली हुई है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More