डिलीवरी बॉय की आड़ में करता था झपटमारी, पुरानी कोंडली का चोर गिरफ्तार, कब्जे से मिले 11 मोबाइल

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने एक सक्रिय झपटमार अक्षय उर्फ अक्कू (24 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी और झपटमारी के 11 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी से पूर्वी दिल्ली के कल्याणपुरी, न्यू अशोक नगर, गाजीपुर, लक्ष्मी नगर, शकरपुर और मधु विहार थानों में दर्ज सात आपराधिक मामले सुलझ गए हैं।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में बढ़ती चोरी और झपटमारी की घटनाओं को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर जितेंद्र मलिक के नेतृत्व में एक विशेष टीम (एचसी हिमांशु, एचसी नरेश व अन्य) का गठन किया गया था। टीम के सदस्यों ने सादे कपड़ों में संवेदनशील इलाकों में खुफिया जानकारी जुटाने और तकनीकी निगरानी का सहारा लिया।

1 अप्रैल को पुलिस को एक पुख्ता सूचना मिली कि एक झपटमार कल्याणपुरी के गिरी जेवर महल के पास स्थित पार्क में आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने घेराबंदी की और अक्षय उर्फ अक्कू को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 11 मोबाइल फोन मिले। जांच में पता चला कि इनमें से 7 मोबाइल फोन विभिन्न थानों से दर्ज चोरी और लूट के मामलों से जुड़े हैं, जबकि शेष फोन के मालिकों का पता लगाया जा रहा है।

पूछताछ में सामने आया कि अक्षय पुरानी कोंडली के राज रानी चौक का रहने वाला है और केवल आठवीं तक पढ़ा है। वह पेशे से डिलीवरी बॉय है, लेकिन अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने लगा। आरोपी एक आदतन अपराधी है और उस पर पहले से ही पांडव नगर थाने में झपटमारी के दो मामले दर्ज हैं। पुलिस अब उसे रिमांड पर लेकर उसके अन्य साथियों और चोरी के मोबाइल खरीदने वाले रिसीवरों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More