जगतपुरी पुलिस ने दबोचा शातिर अपराधी, चोरी की स्कूटी और बटनदार चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के थाना जगतपुरी की पुलिस टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुस्तकीम उर्फ चोंच (33 वर्ष) के रूप में हुई है, जो फर्श बाजार थाने का घोषित अपराधी है और उस पर पहले से ही करीब 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि 30 मार्च को जगतपुरी थाने की टीम को गुप्त सूचना मिली कि मुस्तकीम किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से खुरेजी रेड लाइट की ओर से आने वाला है और उसके पास चोरी की स्कूटी भी है। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी विवेक विहार और जगतपुरी थाना प्रभारी के मार्गदर्शन में एक विशेष टीम (एसआई जीत पाल, एएसआई अमित, एचसी आसिफ खान व अन्य) का गठन किया गया। टीम ने बताए गए स्थान पर रणनीतिक घेराबंदी की।

कुछ समय बाद पुलिस ने खुरेजी रेड लाइट की ओर से आ रहे संदिग्ध को रोका, जिसकी पहचान मुस्तकीम के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जब उसके पास मौजूद स्कूटी की जांच की गई, तो पता चला कि वह स्कूटी थाना स्वरूप नगर इलाके से चोरी की गई थी और इस संबंध में 12 मार्च को ई-एफआईआर दर्ज थी।

पुलिस ने इस संबंध में थाना जगतपुरी में आर्म्स एक्ट की धारा 25 और बीएनएसएस की धारा 106 के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। जांच में सामने आया कि मुस्तकीम उर्फ चोंच विश्वास नगर की एनएसए कॉलोनी का रहने वाला है और वह इलाके का सक्रिय अपराधी है। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से क्षेत्र में होने वाली किसी संभावित वारदात को टाल दिया गया है। फिलहाल पुलिस आरोपी से उसके अन्य साथियों और वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More