मंडोली जेल से छूटते ही फिर शुरू की आपराधिक गतिविधियाँ, त्रिलोकपुरी के शातिर को देशी कट्टे और कारतूस के साथ दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने खेलगांव रोड के पास एक कुख्यात अपराधी अर्जुन उर्फ सोनू (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक अवैध देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी त्रिलोकपुरी का रहने वाला है और वह पहले से ही लूट व चोरी के 15 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध हथियारों के बढ़ते इस्तेमाल को रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और एएसबी सेल प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम के सदस्यों (एचसी शैलेंद्र, एचसी मनेंद्र व अन्य) को सादे कपड़ों में संवेदनशील इलाकों में खुफिया जानकारी जुटाने का जिम्मा सौंपा गया था।

31 मार्च की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक खतरनाक अपराधी अवैध हथियार के साथ खेलगांव रोड स्थित लोहे के पुल के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने रणनीतिक घेराबंदी की और मुखबिर की पहचान पर संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान अर्जुन के पास से देशी कट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इस संबंध में थाना मंडावली में आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है।

पूछताछ के दौरान खुलासा हुआ कि आरोपी अर्जुन दिसंबर 2025 में ही मंडोली जेल से जमानत पर बाहर आया था। बाहर आने के बाद उसने अपने एक साथी से यह हथियार हासिल किया था। आरोपी केवल पांचवीं कक्षा तक पढ़ा है और बेरोजगार होने के कारण अपराध की दुनिया में सक्रिय रहा है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसे यह हथियार किसने सप्लाई किया था और वह खेलगांव रोड पर किस वारदात को अंजाम देने के इरादे से आया था। पुलिस की टीमें हथियार सप्लायर के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए छापेमारी कर रही हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More