डिलीवरी बॉय से लूटपाट करने वाले दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार; निहाल विहार पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कटर और स्कूटी बरामद की

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले के थाना निहाल विहार की टीम ने एक डिलीवरी बॉय के साथ हुई लूट की वारदात को महज 48 घंटों के भीतर सुलझाते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में रवि उर्फ कबीरा (32 वर्ष) और रविंदर उर्फ रवि (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई ग्रे रंग की होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक कटर बरामद किया है। पकड़े गए दोनों आरोपियों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले से ही कई मामलों में संलिप्त रहे हैं।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 29 मार्च को जेप्टो कंपनी के डिलीवरी बॉय कुणाल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि जब वह अपने दोस्त के साथ निलोठी एक्सटेंशन से रंजीत नगर ऑर्डर देने जा रहा था, तभी स्कूटी सवार दो लड़कों ने उन्हें रोका। आरोपियों ने कटर दिखाकर उन्हें डराया और उनकी जेब से ₹1,500 नकद, मोबाइल फोन और आधार कार्ड लूटकर वीर बाजार रोड की ओर फरार हो गए। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए थाना प्रभारी निहाल विहार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। 30 मार्च को पुलिस को पुख्ता सूचना मिली कि आरोपी भारत नगर इलाके में मौजूद हैं। सूचना मिलते ही एसआई तरुण और हेड कांस्टेबल देवेंद्र ढाका की टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और दोनों आरोपियों को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उनके पास से वारदात में प्रयुक्त स्कूटी और वह कटर भी मिल गया जिससे उन्होंने पीड़ित को धमकाया था।

पूछताछ में पता चला कि रवि उर्फ कबीरा पहले से ही पांच आपराधिक मामलों में शामिल रहा है, जबकि रविंदर उर्फ रवि पर चार मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी निलोठी एक्सटेंशन के ही रहने वाले हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ बीएनएस की धारा 309(4)/311/3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल पुलिस इनसे अन्य वारदातों के बारे में पूछताछ कर रही है ताकि इलाके में सक्रिय अन्य लुटेरों के नेटवर्क का भी पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More