निहाल विहार में मुंडका का ‘बैड कैरेक्टर’ अवैध हथियार और 5 चोरी की बाइकों के साथ गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के बाहरी जिले की एंटी-ऑटो थेफ्ट स्क्वाड (AATS) ने वाहन चोरी और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में करण (23 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल और चोरी की 5 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी मुंडका थाने का घोषित अपराधी है और वह पहले से ही चोरी व अन्य अपराधों के 15 से अधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

बाहरी जिले के डीसीपी विक्रम सिंह ने बताया कि 29 मार्च को एएटीएस टीम को सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध हथियार के साथ निहाल विहार स्थित रिशाल गार्डन वाटर ट्रीटमेंट प्लांट के पास आने वाला है। सूचना मिलते ही एसआई संदीप, एएसआई राजकुमार और उनकी टीम ने मौके पर रणनीतिक घेराबंदी की। पुलिस टीम ने देखा कि एक युवक मोटरसाइकिल पर आ रहा है, जिसने पुलिस को देखते ही यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया।

संदेह होने पर पुलिस ने तत्परता दिखाई और मोटरसाइकिल का पीछा कर उसे रोक लिया। तलाशी के दौरान आरोपी करण के पास से एक देशी पिस्तौल बरामद हुई। जाँच में पता चला कि जिस मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह थाना निहाल विहार से चोरी की गई थी। पुलिस ने इस संबंध में थाना निहाल विहार में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने रनहोला के चंचल पार्क इलाके से 4 और चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें से दो बाइकें पश्चिम विहार ईस्ट और बाबा हरिदास नगर से चोरी पाई गई हैं, जबकि शेष दो के मालिकों का पता लगाया जा रहा है। आरोपी करण हिरणकुदना का रहने वाला है और इलाके में सक्रिय वाहन चोर गिरोह का हिस्सा रहा है। फिलहाल पुलिस उससे यह पूछताछ कर रही है कि वह चोरी के इन वाहनों को कहाँ खपाने वाला था और उसे अवैध हथियार कहाँ से प्राप्त हुए। मामले की विस्तृत जाँच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More