48 घंटे, 110 टीमें और 283 छापेमारी, ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत 452 गिरफ्तार, 1930 हिरासत में

नई दिल्ली: पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए, सेंट्रल जिला पुलिस ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत 48 घंटे का एक सघन और व्यापक अभियान चलाकर अपराधियों के कमर तोड़ दी है। 29 मार्च की शाम से 31 मार्च 2026 की शाम तक चले इस निरंतर अभियान में जिले के सभी 15 थानों, साइबर थाना और विशेष इकाइयों (स्पेशल स्टाफ, एंटी-नारकोटिक्स सेल, एएटीएस) की 110 टीमों ने कुल 283 छापेमारी की। इस मैराथन कार्रवाई के दौरान पुलिस ने विभिन्न अपराधों में संलिप्त 452 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया, जबकि निवारक धाराओं के तहत 1,930 लोगों को हिरासत में लिया गया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि इस ऑपरेशन का मुख्य उद्देश्य मादक पदार्थों के तस्करों, अवैध शराब माफियाओं, हथियारबंद अपराधियों और जुआरियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना था। नारकोटिक्स के तहत पुलिस ने 37 मामले दर्ज कर 59 तस्करों को पकड़ा, जिनके पास से लगभग 14.6 किलो गांजा, 306 ग्राम हेरोइन और 633 ग्राम स्मैक बरामद की गई। वहीं, आबकारी अधिनियम के तहत 14 शराब तस्करों को दबोचकर 996 क्वार्टर अवैध शराब जब्त की गई। हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 चाकू और 2 पिस्तौल बरामद कर 12 आरोपियों को जेल भेजा। इसके अलावा, जुए के 23 मामलों में 41 लोगों को गिरफ्तार कर ₹34,210 की नगदी बरामद की गई।

ऑपरेशन के दौरान न केवल गिरफ्तारियां की गईं, बल्कि व्यापक स्तर पर निवारक कार्रवाई भी सुनिश्चित की गई। पुलिस ने 469 कोटपा चालान काटे और सार्वजनिक स्थानों पर उपद्रव करने वालों के खिलाफ 1,980 डिटेंशन किए। ऑटो-लिफ्टिंग के खिलाफ कार्रवाई में 4 आरोपी पकड़े गए और 5 वाहन बरामद हुए, जबकि 4 घोषित अपराधी भी पुलिस के हत्थे चढ़े। जिले के संवेदनशील इलाकों, झुग्गी बस्तियों और औद्योगिक क्षेत्रों में की गई इस घेराबंदी से न केवल अवैध सप्लाई चेन बाधित हुई है, बल्कि आम जनता में सुरक्षा का भाव भी सुदृढ़ हुआ है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि ‘ऑपरेशन कवच’ के माध्यम से अपराधियों को यह कड़ा संदेश दिया गया है कि जिले में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More