दिल्ली पुलिस के एसआई और सिपाही ने व्यापारी से लूटे 8.40 लाख, दोनों गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के देश बंधु गुप्ता रोड थाना क्षेत्र में खाकी को शर्मसार करने वाला एक मामला सामने आया है। अजमल खान पार्क के पास उत्तर प्रदेश के एक युवक को रोककर उससे लाखों रुपये हड़पने के आरोप में दिल्ली पुलिस के एक उप-निरीक्षक और एक कांस्टेबल को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ लूट और भ्रष्टाचार की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पकड़े गए पुलिसकर्मियों की पहचान एसआई महावीर और कांस्टेबल विक्की के रूप में हुई है।

मामले का खुलासा तब हुआ जब उत्तर प्रदेश के जालौन निवासी दीपक सोनी ने पुलिस के आला अधिकारियों से शिकायत की। पीड़ित के अनुसार, वह 24 मार्च को दिल्ली आया था, तभी अजमल खान पार्क के पास दो पुलिसकर्मियों ने उसे रोका। दीपक के पास करीब 10 लाख रुपये की नकदी थी, जिसमें से दोनों पुलिसकर्मियों ने डरा-धमकाकर 8,40,000 रुपये जबरन छीन लिए। पीड़ित की शिकायत 25 मार्च को डीसीपी कार्यालय पहुंची, जिस पर संज्ञान लेते हुए विभाग ने तुरंत आंतरिक जांच के आदेश दिए।

आरोपों की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी ने एसआई महावीर और कांस्टेबल विक्की को तत्काल सस्पेंड कर दिया और एक नियमित प्रारंभिक जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पीड़ित द्वारा लगाए गए आरोप सही पाए गए, जिसके बाद डीबीजी रोड थाने में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 309(4), 127(1) और 3(4) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। विभागीय जांच में पुष्टि हुई कि दोनों पुलिसकर्मियों ने अपने पद का दुरुपयोग कर अवैध रूप से नकदी वसूली थी।

पुलिस ने सघन जांच और साक्ष्य जुटाने के बाद 30 मार्च को दोनों आरोपी पुलिसकर्मियों को गिरफ्तार कर लिया। अदालत में पेश करने के बाद उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि विभाग में किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार या कदाचार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई से महकमे के अन्य कर्मचारियों को भी कड़ा संदेश दिया गया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More