पहाड़गंज पुल के पास बिछाया जाल, चोरी की दो स्कूटी के साथ दबोचा गया शातिर अपराधी

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना नबी करीम की टीम ने वाहन चोरी और झपटमारी के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए एक शातिर ‘सीरियल स्कूटी लिफ्टर’ को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में मोहित (19 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की दो स्कूटी बरामद की हैं। आरोपी बेहद कम उम्र में ही अपराध की दुनिया में कदम रख चुका है और उस पर पहले से ही चोरी व लूट के पांच मामले दर्ज हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 28 मार्च को नबी करीम इलाके के हनुमान मंदिर के पास से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और नबी करीम थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल शैलेंद्र सिंह और कांस्टेबल योगेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपी के भागने के रास्तों की पहचान की।

29 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि आरोपी पहाड़गंज पुल के पास झपटमारी या लूट की किसी वारदात को अंजाम देने के इरादे से आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जाल बिछाया और मुखबिर की पहचान पर मोहित को चोरी की स्कूटी के साथ धर दबोचा। पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अनपढ़ है और गलत सोहबत में पड़ने के कारण उसे नशे की लत लग गई थी। अपनी इसी लत और निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने वाहन चोरी और झपटमारी शुरू कर दी।

पुलिस जांच में सामने आया कि मोहित की गिरफ्तारी से नबी करीम और करोल बाग थानों में दर्ज चोरी और स्नैचिंग के कम से कम चार नए मामले सुलझ गए हैं। आरोपी उत्तम नगर और नबी करीम दोनों इलाकों में ठिकाने बदलकर रहता था ताकि पुलिस की नजरों से बच सके। वह इससे पहले मोती नगर, पालम विलेज और पश्चिम विहार वेस्ट जैसे इलाकों में भी वारदातों को अंजाम दे चुका है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य साथियों और चोरी के वाहनों को ठिकाने लगाने वाले रिसीवरों के बारे में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More