मादीपुर पुलिस चौकी ने नशा तस्कर को रंगे हाथों दबोचा, प्लास्टिक बैग से सवा किलो के करीब गांजा बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की मादीपुर पुलिस चौकी (थाना पंजाबी बाग) की टीम ने क्षेत्र में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक शातिर ड्रग पेडलर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में भारत उर्फ मिचू (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 1128 ग्राम (करीब सवा किलो) गांजा बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है और पूर्व में हत्या के प्रयास, चोरी और तस्करी जैसे 20 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि इलाके में बढ़ती नशाखोरी और अवैध मादक पदार्थों की बिक्री को रोकने के लिए मादीपुर चौकी प्रभारी एसआई नरेश अहलावत के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। 29 मार्च की दोपहर लगभग 03:12 बजे, पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि मादीपुर स्थित डिस्ट्रिक्ट पार्क के पास एक व्यक्ति गांजे की सप्लाई करने आने वाला है। सूचना मिलते ही एएसआई राज कुमार, हेड कांस्टेबल अमित छिकारा और कांस्टेबल संजय की टीम ने पार्क के पास रणनीतिक घेराबंदी की।

छापेमारी के दौरान टीम ने एक संदिग्ध युवक को पकड़ा जो अपने साथ एक प्लास्टिक बैग लिए हुए था। जब बैग की तलाशी ली गई, तो उसमें से 1128 ग्राम गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी की पहचान भारत उर्फ मिचू, निवासी मादीपुर के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20 के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और मादक पदार्थ को नियमानुसार जब्त कर लिया गया है।

जांच में सामने आया कि आरोपी मिचू इलाके का पुराना अपराधी है और उस पर 20 मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय से छोटी-छोटी मात्रा में नशे की खेप लाकर स्थानीय युवाओं को सप्लाई कर रहा था। इस सफल ऑपरेशन को पंजाबी बाग थाना प्रभारी और एसीपी पंजाबी बाग के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस आरोपी से कड़ाई से पूछताछ कर रही है ताकि इस अवैध धंधे के मुख्य स्रोत और पूरी सप्लाई चेन का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More