नबी करीम पुलिस ने सोशल मीडिया पर ‘हनीट्रैप’ बिछाकर पकड़ा आदतन अपराधी, चोरी की 4 स्कूटी बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना नबी करीम की टीम ने एक अनूठे और बेहद ही ‘स्मार्ट’ ऑपरेशन को अंजाम देते हुए पहाड़गंज इलाके के एक कुख्यात हिस्ट्रीशीटर अमन (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में चोरी की 4 एक्टिवा स्कूटी बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही चोरी, झपटमारी और आर्म्स एक्ट के 32 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसे पकड़ने के लिए सोशल मीडिया पर एक फर्जी प्रोफाइल बनाकर उसे मिलने के लिए बुलाया और रंगे हाथों दबोच लिया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 19 मार्च को नबी करीम इलाके से एक एक्टिवा स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली थी। एसीपी पहाड़गंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई हर्ष कुमार और उनकी टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में एक नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिया, जिसकी पहचान तकनीकी निगरानी के जरिए पहाड़गंज के घोषित बदमाश अमन के रूप में हुई। चूंकि वह लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था, इसलिए पुलिस ने उसकी सोशल मीडिया आईडी ट्रैक की और एक रणनीतिक जाल बिछाया।

पुलिस टीम ने एक फर्जी सोशल मीडिया प्रोफाइल बनाकर अमन से संपर्क साधा और उसे बातों में फंसाकर झंडेवालान मेट्रो स्टेशन के पास मिलने के लिए बुलाया। 26 और 27 मार्च की दरम्यानी रात जैसे ही आरोपी तय जगह पर पहुँचा, पुलिस टीम ने उसे चारों तरफ से घेरकर दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया और उसकी निशानदेही पर नबी करीम, रंजीत नगर और करोल बाग इलाकों से चोरी की गई 4 स्कूटी बरामद की गईं।

पूछताछ में आरोपी ने अपने शातिर मॉडस ऑपरेंडी का खुलासा करते हुए बताया कि वह स्कूटी चोरी करने के बाद उसे 10-15 दिनों के लिए किसी सुरक्षित जगह पर छिपा देता था ताकि पुलिस की शुरुआती चेकिंग से बच सके। इसके बाद वह उसी स्कूटी का इस्तेमाल झपटमारी की वारदातों के लिए करता था और फिर उसे दोबारा छिपाकर दूसरी स्कूटी चुरा लेता था। आरोपी का पुराना रिकॉर्ड बेहद खौफनाक है; वह दिल्ली के विभिन्न थानों जैसे सदर बाजार, दरियागंज, कश्मीरी गेट और राजेंद्र नगर में दर्ज दर्जनों मामलों में शामिल रहा है। फिलहाल पुलिस उससे अन्य वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More