बिना नंबर की केटीएम पर स्टंट और चोरी: मादीपुर झील पार्क के पास घेराबंदी कर दबोचा गया शातिर अपराधी

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की मादीपुर पुलिस चौकी (थाना पंजाबी बाग) की टीम ने वाहन चोरी और स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक कुख्यात अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में पंकज उर्फ हीरा (28 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक सफेद रंग की केटीएम मोटरसाइकिल और एक अवैध बटनदार चाकू बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही चोरी और आर्म्स एक्ट जैसे 15 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में गश्त और मोटर वाहन चोरी रोकने के लिए मादीपुर चौकी की एक विशेष टीम तैनात की गई थी। 29 मार्च को कांस्टेबल अंकुर और हेड कांस्टेबल वीरेंद्र मादीपुर स्थित कूड़ा खत्ता झील पार्क के पास गश्त पर थे। इसी दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध युवक बिना नंबर प्लेट की सफेद केटीएम बाइक पर शिव मंदिर की ओर से पश्चिम पुरी की तरफ जा रहा है।

पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने यू-टर्न लेकर भागने का प्रयास किया, लेकिन मुस्तैद जवानों ने पीछा कर उसे सफलतापूर्वक दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। जब मोटरसाइकिल के इंजन और चेसिस नंबर की जांच की गई, तो वह थाना पंजाबी बाग से चोरी की गई पाई गई। आरोपी की पहचान पश्चिम पुरी निवासी पंकज उर्फ हीरा के रूप में हुई।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने स्वीकार किया कि वह कम समय में अधिक पैसा कमाने के लिए वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। वह केवल तीसरी कक्षा तक पढ़ा है और मजदूरी का काम करता है, लेकिन उसकी असल पहचान एक आदतन अपराधी की है। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने पंजाबी बाग थाने में दर्ज वाहन चोरी के दो महत्वपूर्ण मामलों को सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने चोरी की गई अन्य मोटरसाइकिलें कहाँ खपाई हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More