पुलिस को देख मोड़ी बाइक, पीछा कर दबोचा झपटमार, चोरी की बाइक, लूटा फोन और चाकू बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले के थाना तिलक नगर की टीम ने स्ट्रीट क्राइम के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बेहद शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में दिलप्रीत सिंह उर्फ हनी (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू, चोरी की एक मोटरसाइकिल और झपटा गया मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी पहले से ही चोरी और झपटमारी के 13 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि क्षेत्र में गश्त और अपराध नियंत्रण के लिए तैनात हेड कांस्टेबल कृष्ण और हेड कांस्टेबल बबलू 29 मार्च को हिंद नगर, नाला रोड स्थित एमआरवी स्कूल के पास मौजूद थे। इसी दौरान चोखण्डी की ओर से पैसिफिक मॉल की तरफ एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखाई दिया। पुलिस टीम को देखते ही आरोपी ने अपनी मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास किया।

संदेह होने पर पुलिस टीम ने तुरंत सक्रियता दिखाई और पीछा कर संदिग्ध को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक बटनदार चाकू, एक भूरे रंग का वॉलेट और एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद हुआ। रिकॉर्ड की जांच करने पर पता चला कि मोबाइल फोन थाना तिलक नगर के ही एक झपटमारी के मामले से संबंधित था।

पूछताछ में आरोपी की पहचान दिलप्रीत सिंह उर्फ हनी, निवासी तिलक नगर के रूप में हुई। जिस ‘हीरो स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल पर वह सवार था, वह भी तिलक नगर इलाके से ही चोरी की गई थी। आरोपी वाहन के कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका और उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

पुलिस जांच में सामने आया कि दिलप्रीत सिंह एक आदतन अपराधी है और उस पर चोरी व झपटमारी के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इस सफल ऑपरेशन को तिलक नगर थाना प्रभारी और एसीपी तिलक नगर के मार्गदर्शन में अंजाम दिया गया। फिलहाल पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि बरामद वॉलेट और मोबाइल के अलावा उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More