पीर बाबा मजार के पा गश्त के दौरान संदिग्ध बाइक सवार दबोचा, तिलक नगर और द्वारका से चोरी मोटरसाइकिलें बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पश्चिमी जिले की तिलक विहार पुलिस चौकी (थाना तिलक नगर) की टीम ने ‘ऑपरेशन कवच 13.0’ के तहत कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में मनजीत सिंह (26 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक अवैध बटनदार चाकू और चोरी की दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पकड़ा गया आरोपी नशे का आदी है और पूर्व में चोरी व अन्य अपराधों के 05 मामलों में शामिल रहा है।

पश्चिमी जिले के डीसीपी दराडे शरद भास्कर ने बताया कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशानुसार क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की धरपकड़ के लिए तिलक विहार चौकी प्रभारी एसआई दीपक शर्मा के नेतृत्व में एक विशेष टीम तैनात की गई थी। 29 मार्च को कांस्टेबल धनपाल इलाके में गश्त कर रहे थे, तभी तिलक विहार स्थित डबल स्टोरी, पीर बाबा मजार के पास उन्हें एक संदिग्ध बाइक सवार आता दिखा। पुलिस टीम ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह वाहन के वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका।

जब वाहन की गहनता से जांच की गई, तो पता चला कि वह मोटरसाइकिल थाना तिलक नगर से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी की तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी की पहचान मनजीत सिंह, निवासी तिलक नगर के रूप में की। कड़ाई से की गई पूछताछ के दौरान आरोपी ने एक और मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूली, जिसे पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बरामद कर लिया। यह दूसरी बाइक थाना द्वारका नॉर्थ से चुराई गई थी।

इस सफल ऑपरेशन को एसीपी तिलक नगर डॉ. गरिमा तिवारी के मार्गदर्शन और तिलक नगर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनीत कुमार पांडेय के नेतृत्व में अंजाम दिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामले दर्ज कर लिए हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या आरोपी किसी बड़े वाहन चोर गिरोह का हिस्सा है या वह अकेले ही वारदातों को अंजाम देता था। फिलहाल आरोपी पुलिस की गिरफ्त में है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More