पांडव नगर पुलिस ने चाकू मारकर लूटपाट करने वाले चार किशोर दबोचे; लूटा गया मोबाइल और खंजर बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले के थाना पांडव नगर की टीम ने सक्रियता और सटीक जांच का परिचय देते हुए चाकूबाजी और लूटपाट की एक गंभीर वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में चार किशोरों को पकड़ा है, जिन्होंने एक युवक पर जानलेवा हमला कर उसका मोबाइल फोन लूट लिया था। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल खंजर (डागर) और लूटा गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 28 मार्च को शिकायतकर्ता अपने दोस्त के साथ जनता गार्डन, पांडव नगर से गुजर रहा था। जब वे रामलीला मैदान के पास पहुँचे, तभी चार अज्ञात लड़कों ने उनका रास्ता रोक लिया। आरोपियों ने पीड़ित पर हमला किया और उसकी पीठ में चाकू घोंपकर उसका मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गए। इस संबंध में थाना पांडव नगर में बीएनएस की धारा 309(6)/311/3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में एसआई राज कुमार, एएसआई राजेंद्र और उनकी टीम ने घटनास्थल का मुआयना किया। वारदात वाली जगह पर सीसीटीवी कैमरा न होने के बावजूद, टीम ने आसपास के कैमरों की फुटेज खंगाली और संदिग्धों के आने-जाने के रास्तों को ट्रैक किया। जांच के दौरान एक संदिग्ध लाल टी-शर्ट और टोपी पहने दिखाई दिया, जो एक अहम सुराग साबित हुआ। स्थानीय मुखबिरों और तकनीकी सर्विलांस की मदद से पुलिस ने चारों किशोरों की पहचान की और छापेमारी कर उन्हें दबोच लिया।

पूछताछ में सामने आया कि पकड़े गए चारों किशोर नशे के आदी हैं और उनमें से तीन स्कूल ड्रॉपआउट हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने लूटपाट की योजना बनाई थी। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर झाड़ियों में छिपाया गया खंजर और लूटा हुआ फोन बरामद कर लिया है। फिलहाल कानूनी प्रावधानों के तहत किशोरों के खिलाफ कार्यवाही की जा रही है और पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इन्होंने इलाके में अन्य किसी वारदात को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More