मां की स्कूटी पर बेटी ने दोस्त के साथ मिलकर शॉपिंग पर निकली युवती का झपटा था आईफोन, पुलिस ने दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की एंटी-स्नैचिंग एंड बर्गलरी सेल ने प्रोफेशनल पुलिसिंग का परिचय देते हुए प्रीति विहार इलाके में हुई मोबाइल झपटमारी की एक बड़ी वारदात को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में उजेब खान (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया है और उसके साथ शामिल एक किशोरी को भी हिरासत में लिया है। इनके कब्जे से लूटा गया कीमती आईफोन 15 प्रो और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो जूम स्कूटी बरामद कर ली गई है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 22 मार्च को शिकायतकर्ता नव्या भाटिया अपनी मां और नानी के साथ प्रीति विहार के ‘ओढ़नी’ शोरूम में शॉपिंग के लिए जा रही थीं। शंकर विहार सर्विस रोड के पास निर्माण विहार की तरफ से एक काली स्कूटी पर सवार एक लड़का और एक लड़की आए। स्कूटी के पीछे बैठी लड़की ने अचानक नव्या के हाथ से उनका आईफोन 15 प्रो छीना और फरार हो गए। इस संबंध में थाना प्रीति विहार में बीएनएस की धारा 304(2)/3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार के मार्गदर्शन और एएसबी सेल के प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों की स्पष्ट तस्वीरें मिल गईं। स्थानीय मुखबिरों ने हुलिए के आधार पर उनकी पहचान गौतम पुरी, सीलमपुर निवासी उजेब खान के रूप में की। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर उजेब को उसके घर से दबोच लिया और उसकी निशानदेही पर किशोरी ‘जेड’ को भी पकड़ लिया गया।

पूछताछ में दोनों ने कबूल किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी लत को पूरा करने के लिए उन्होंने झपटमारी का रास्ता चुना। चौंकाने वाली बात यह है कि वारदात में जिस स्कूटी का इस्तेमाल किया गया था, वह पकड़ी गई किशोरी की मां के नाम पर पंजीकृत है। मुख्य आरोपी उजेब खान एक आदतन अपराधी है, जो पहले भी जामा मस्जिद, आनंद विहार और सीलमपुर थानों में दर्ज लूटपाट के तीन मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस जोड़ी ने इलाके में और भी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More