दिल्ली कैंट इलाके में सक्रिय वाहन चोर को एएटीएस की टीम ने दबोचा, 3 बाइक बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण-पश्चिम जिले की एएटीएस टीम ने वाहन चोरी की वारदातों पर लगाम लगाते हुए एक कुख्यात ऑटो-लिफ्टर अब्दुल वाहिद अंसारी (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी नजफगढ़ थाने का घोषित अपराधी है और उस पर पहले से ही लूट, झपटमारी और वाहन चोरी के 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने इसकी गिरफ्तारी के साथ ही अलग-अलग इलाकों से चोरी की गई 3 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं।

दक्षिण-पश्चिम जिले के डीसीपी अमित गोयल ने बताया कि क्षेत्र में दोपहिया वाहनों की चोरी रोकने के लिए एसीपी ऑपरेशंस संघमित्रा के मार्गदर्शन और एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर राम कुमार के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम ने दिल्ली कैंट सब-डिवीजन के विभिन्न घटनास्थलों का दौरा किया और लगभग 200 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। तकनीकी विश्लेषण और स्थानीय खुफिया जानकारी के आधार पर आरोपी अब्दुल वाहिद की पहचान की गई और उसकी गतिविधियों पर लगातार नजर रखी गई।

28 मार्च को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर, एएटीएस की टीम ने छापेमारी कर अब्दुल वाहिद अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक छोटा चाकू और एक चोरी की ‘हीरो स्प्लेंडर’ मोटरसाइकिल बरामद हुई, जो थाना डाबरी से चोरी की गई थी। इसके बाद आरोपी की निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं, जो पालम विलेज और सागरपुर इलाकों से चुराई गई थीं।

पूछताछ में खुलासा हुआ कि अब्दुल वाहिद 12वीं पास है, लेकिन गलत सोहबत में पड़ने के कारण उसे स्मैक के नशे की लत लग गई। अपने नशे के खर्च और निजी जरूरतों को पूरा करने के लिए वह दोपहिया वाहनों की चोरी करने लगा। वह चोरी की गई मोटरसाइकिलों को अपने परिचितों के माध्यम से कम दामों में बेच देता था। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि उसके इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More