गश्त के दौरान दबोचा गया हथियारबंद वाहन चोर, जगतपुरी से चोरी स्कूटी और मधु विहार से लूटा गया मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के पूर्वी जिले की मधु विहार थाना पुलिस ने स्ट्रीट क्राइम और अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक शातिर ऑटो-लिफ्टर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में अजहर (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू, एक चोरी की होंडा एक्टिवा स्कूटी और एक चोरी का रेडमी मोबाइल फोन बरामद किया है। पकड़ा गया आरोपी पहले भी चोरी और आर्म्स एक्ट के पांच आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार ने बताया कि 29 मार्च की शाम को मधु विहार थाने के हेड कांस्टेबल सचिन त्यागी और हेड कांस्टेबल अरुण पटपड़गंज स्थित मैक्स अस्पताल के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान एक मुखबिर ने सूचना दी कि आईपी एक्सटेंशन के उत्सव ग्राउंड के पास एक संदिग्ध युवक चोरी की स्कूटी के साथ घूम रहा है और उसके पास अवैध हथियार भी है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की और मुस्तैदी दिखाते हुए आरोपी को दबोच लिया।

पकड़े गए युवक की स्कूटी की जांच करने पर पता चला कि उसकी नंबर प्लेट मुड़ी हुई थी और वह थाना जगतपुरी से चोरी की गई थी। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक बटनदार चाकू और एक रेडमी मोबाइल फोन मिला, जो साल 2025 में थाना मधु विहार इलाके से चोरी हुआ था। आरोपी की पहचान मंडावली की जोशी कॉलोनी निवासी अजहर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

आरोपी का प्रोफाइल खंगालने पर पता चला कि वह अनपढ़ है और पेशे से मजदूर है, लेकिन नशे की लत के कारण वह अपराध की दुनिया में उतर गया। वह एक आदतन अपराधी है और मधु विहार, मंडावली व शकरपुर जैसे थानों में दर्ज कई मामलों में शामिल रहा है। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से इलाके में लूटपाट या झपटमारी की कोई संभावित बड़ी वारदात टल गई है। फिलहाल आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है और आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More