दिल्ली के द्वारका में पुलिस ने किया डबल एनकाउंटर, पुलिस ने बदमाशों के पैर में गोली मार दो को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने डाबरी इलाके में हुई सनसनीखेज चाकूबाजी और हत्या के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मुठभेड़ों में मुख्य आरोपियों रोहित कुमार उर्फ नोडी (21 वर्ष) और प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशू (21 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है। इन दोनों बदमाशों ने महज 15 मिनट के अंतराल में दो अलग-अलग घटनाओं में चार लोगों को चाकू मारा था, जिसमें गोविंद झा (39 वर्ष) नामक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी है, जिसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 29-30 मार्च की दरम्यानी रात डाबरी के मधु विहार इलाके में अज्ञात बदमाशों ने आतंक मचाया था। पहली घटना में दुर्गा माता मंदिर के पास गोविंद झा की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। वहीं दूसरी घटना में हनी, अनीश और रोहित नामक युवकों को पेट में चाकू मारकर घायल कर दिया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल स्टाफ और एएटीएस की कई टीमें गठित की गई थीं।

पहली मुठभेड़ (स्पेशल स्टाफ):

30 मार्च को इंस्पेक्टर कमलेश कुमार के नेतृत्व में स्पेशल स्टाफ की टीम ने सेक्टर-17 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पास आरोपी रोहित उर्फ नोडी को घेरा। सरेंडर करने के बजाय नोडी ने पुलिस पर 3 राउंड फायरिंग की। एक गोली हेड कांस्टेबल जगत सिंह के बेहद करीब से गुजरी। आत्मरक्षा में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें एक गोली आरोपी के बाएं घुटने पर लगी और उसे दबोच लिया गया। नोडी 16 मार्च को ही जेल से छूटकर आया था।

दूसरी मुठभेड़ (AATS):

उसी रात करीब 10:30 बजे एएटीएस के इंस्पेक्टर मनीष यादव की टीम ने नजफगढ़ नाला रोड पर मुख्य आरोपी प्रेम शर्मा उर्फ हिमांशू को एक चोरी की स्कूटी पर इंटरसेप्ट किया। हिमांशू ने भी पुलिस पर 3 राउंड गोलियां चलाईं, जिसमें से एक गोली हेड कांस्टेबल संदीप की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने 3 राउंड फायर किए, जिससे एक गोली आरोपी के दाएं घुटने के नीचे लगी। आरोपी का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड है और उसने एक डिलीवरी बॉय की सिर्फ इसलिए हत्या कर दी थी क्योंकि उसने रास्ता पूछा था।

पुलिस ने आरोपियों के पास से दो 7.65mm पिस्तौल, खाली खोखे, जिंदा कारतूस और एक चोरी की स्कूटी बरामद की है। डीसीपी ने स्पष्ट किया कि इस घटना का कोई सांप्रदायिक कोण नहीं है और सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहें पूरी तरह भ्रामक हैं। पुलिस उन लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी जो इस मामले को धार्मिक रंग देने की कोशिश करेंगे। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की निगरानी में उपचाराधीन हैं और उनके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत नए मामले दर्ज किए गए हैं।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More