जहांगीर पुरी मेट्रो के पास नवविवाहित दंपत्ति को सर्जिकल ब्लेड दिखाकर लूटने वाले दो शातिर अपराधी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली उत्तर-पश्चिम जिले के थाना महिंद्रा पार्क की टीम ने जहांगीर पुरी इलाके में एक नवविवाहित दंपत्ति के साथ हुई लूटपाट की वारदात का त्वरित खुलासा करते हुए दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में आसिफ (28 वर्ष) और रोशन उर्फ कैमरा (27 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया एक मोबाइल फोन और ₹500 की नगदी बरामद की है। पकड़े गए दोनों आरोपी जहांगीर पुरी के एच-2 ब्लॉक के रहने वाले हैं और पूर्व में लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट जैसे 11 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहे हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 28 मार्च को शिकायतकर्ता राहुल मल्होत्रा अपनी पत्नी के साथ जहांगीर पुरी मेट्रो रेड लाइट से बीजेआरएम अस्पताल की ओर पैदल जा रहे थे। जब वे दिल्ली चाट के पास पहुँचे, तभी दोनों आरोपियों ने उन्हें रोक लिया। एक आरोपी ने राहुल के गले पर सर्जिकल ब्लेड रख दिया और जान से मारने की धमकी देकर उनका मोबाइल फोन और कवर में रखे ₹500 छीन लिए। वारदात के बाद आरोपियों ने भागने की कोशिश की, लेकिन शिकायतकर्ता ने शोर मचाते हुए स्थानीय लोगों की मदद से उनका पीछा किया और उन्हें मौके पर ही दबोच लिया।

क्षेत्र में गश्त कर रहे बीट स्टाफ ने तुरंत मौके पर पहुँचकर दोनों आरोपियों को अपनी हिरासत में ले लिया। पुलिस ने राहुल मल्होत्रा के बयान पर थाना महिंद्रा पार्क में बीएनएस की धारा 309(4)/317(2)/3(5) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। तलाशी के दौरान आरोपियों के पास से लूटा गया सामान और वारदात में इस्तेमाल सर्जिकल ब्लेड बरामद हुआ।

पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे नशे के आदी हैं और आसान तरीके से पैसा कमाने के लिए लूटपाट की वारदातों को अंजाम देते हैं। आरोपी रोशन उर्फ कैमरा एक आदतन अपराधी है, जिस पर पहले से ही चोरी और लूट के 10 से अधिक मामले दर्ज हैं, जबकि आसिफ भी लूट के एक मामले में शामिल रहा है। डीसीपी ने बताया कि एसीपी शालीमार बाग रोहित गुप्ता और थाना प्रभारी विजय शनवाल के नेतृत्व में पुलिस टीमें लगातार गश्त बढ़ाकर ऐसे अपराधियों पर नजर रख रही हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More