“चोर-चोर” की आवाज सुन दौड़ी पुलिस, आजादपुर रेलवे लाइन पर गश्त कर रहे जवानों ने स्नैचर को दबोचा, मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले के थाना अशोक विहार के पेट्रोलिंग स्टाफ ने रेलवे लाइन क्षेत्र में सक्रियता दिखाते हुए एक मोबाइल चोर को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में आकाश (20 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया एक मोबाइल फोन बरामद किया है। आरोपी आजादपुर के टीपीटी इलाके की झुग्गियों का रहने वाला है और उसने पहली बार अपराध की दुनिया में कदम रखा था।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 29 मार्च को क्षेत्र में अपराध नियंत्रण हेतु एसीपी आकाश रावत के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी प्रमोद कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल अंकुश और कांस्टेबल श्याम सैनी रेलवे लाइन के पास गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें “चोर-चोर, पकड़ो-पकड़ो” की आवाज सुनाई दी। पुलिस टीम ने देखा कि एक व्यक्ति दूसरे का पीछा कर रहा है। बिना समय गंवाए पुलिस जवानों ने संदिग्ध का पीछा किया और थोड़ी ही दूरी पर उसे दबोच लिया।

तलाशी लेने पर आरोपी आकाश के पास से शिकायतकर्ता का मोबाइल फोन बरामद हुआ। पीड़ित ने बताया कि वह आजादपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, तभी आरोपी ने बड़ी सफाई से उसकी जेब से फोन निकाल लिया और भागने लगा। पुलिस ने शिकायतकर्ता के बयान पर थाना अशोक विहार में बीएनएस की धारा 303(2)/317(2) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने कम समय में आसान तरीके से पैसे कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। जांच में पाया गया कि आरोपी का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है, वह एक नवोदित अपराधी है। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या वह किसी संगठित गिरोह के संपर्क में था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More