बस की सवारी कर भाग रहे घर तोड़ने वाले चोर को पुलिस ने धर दबोचा, चोरी का भारी सामान बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने एक बेहद ही शातिर और पेशेवर सेंधमार को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने इस कार्रवाई में राज कुमार उर्फ राज कंवर (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी किया गया भारी मात्रा में कीमती सामान बरामद किया है। आरोपी ने महज 72 घंटे पहले राजेंद्र नगर इलाके में एक बंद घर का दरवाजा तोड़कर लाखों के इलेक्ट्रॉनिक्स और नगदी पर हाथ साफ किया था।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 24 मार्च को राजेंद्र नगर थाने में घर में चोरी की एक ई-एफआईआर दर्ज हुई थी। पीड़िता ने बताया कि जब वह अपने दोस्त के घर से वापस लौटी, तो उसके घर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ था और घर से दो मोबाइल फोन, एक एप्पल आईपैड एयर, एक एचपी लैपटॉप, एक पैनासोनिक कैमरा, वायरलेस माइक, कीमती बैग और ₹18,400 नकद गायब थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी करोल बाग के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी राजेंद्र सिंह के नेतृत्व में एसआई योगेश पूनिया और उनकी टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल की। फुटेज के विश्लेषण से एक चौंकाने वाला सुराग मिला कि आरोपी चोरी करने के बाद एक सार्वजनिक बस में सवार होकर भागा था। पुलिस ने बस रूट मैपिंग का सहारा लिया और उस बस के नंबर को ट्रैक करते हुए द्वारका सेक्टर-2 बस डिपो तक जा पहुँची। बस के अंदर लगे कैमरों की जांच से आरोपी की स्पष्ट तस्वीर मिल गई, जिससे पता चला कि वह दशघरा बस स्टैंड पर उतरा था। 27 मार्च को पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दशघरा, टोडापुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी राज कुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उसने बताया कि वह उन घरों की रेकी करता था जो बंद रहते थे और फिर हथौड़े व पेचकस जैसे औजारों से दरवाजा तोड़कर चोरी करता था। आरोपी मूल रूप से मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ का रहने वाला है और फिलहाल इंद्रपुरी में एक टायर की दुकान पर काम करता था। वह पहले भी चोरी और एनडीपीएस के तीन मामलों में शामिल रहा है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के एप्पल आईपैड, लैपटॉप, स्पीकर और कैमरे बरामद कर लिए हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने राजेंद्र नगर थाने में दर्ज 6 पुराने मामलों को भी सुलझाने का दावा किया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More