चाबी लगी छोड़ी और स्कूटी हो गई चोरी, रामलीला मैदान के पास से पुलिस ने दो को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले के थाना चांदनी महल अंतर्गत तुर्कमान गेट पुलिस चौकी की टीम ने सक्रियता दिखाते हुए वाहन चोरी की गुत्थी को सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो किशोरों को पकड़ा है, जिनकी उम्र 14 और 15 वर्ष है। इनके पास से चोरी की गई एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी बरामद कर ली गई है। पुलिस ने इस मामले को सुलझाने के लिए लगभग 30 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और आपसी थाना समन्वय का बेहतरीन उदाहरण पेश किया।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 23 मार्च को तुर्कमान गेट स्थित वर्धमान प्लाजा के सामने से एक स्कूटी चोरी होने की शिकायत मिली थी। यह वारदात 21 मार्च को हुई थी, जिसके बाद चांदनी महल थाने में ई-एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की गई। एसीपी दरियागंज के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी के नेतृत्व में तुर्कमान गेट चौकी प्रभारी एसआई परमेंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल राकेश और उनकी टीम ने तकनीकी जांच शुरू की।

सीसीटीवी फुटेज के विश्लेषण से पता चला कि दो लड़के स्कूटी चोरी कर आसफ अली रोड, हमदर्द चौक और हिम्मतगढ़ होते हुए सीता राम बाजार की ओर भागे थे। 26 मार्च को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने रामलीला मैदान के मुख्य गेट के पास से एक किशोर ‘आर’ को पकड़ा। उसकी निशानदेही पर 27 मार्च को उसके साथी ‘एस’ को भी उसके घर से पकड़ लिया गया। चूंकि दोनों आरोपी नाबालिग थे, इसलिए उनके अभिभावकों की मौजूदगी में उनसे कानूनी पूछताछ की गई।

पूछताछ में किशोरों ने खुलासा किया कि 21 मार्च को उन्होंने वर्धमान प्लाजा के पास स्कूटी में चाबी लगी देखी थी। मौके का फायदा उठाकर वे ‘शॉर्ट राइड’ के लिए स्कूटी लेकर सराय काले खां की ओर निकल गए। वापसी में जब वे आईपी फ्लाईओवर के पास पहुँचे, तो पुलिस पिकेट ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पकड़े जाने के डर से वे स्कूटी वहीं छोड़कर पैदल ही फरार हो गए। जांच में पुष्टि हुई कि लावारिस मिली इस स्कूटी को थाना आईपी एस्टेट की पुलिस ने पहले ही जब्त कर मालखाने में जमा करा दिया था। पुलिस ने अब स्कूटी को बरामद कर कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More