भीड़भाड़ वाले गफ्फार मार्केट में ₹18.5 लाख की चोरी की गुत्थी सुलझी, दो शातिर चोर गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की करोल बाग थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए गफ्फार मार्केट इलाके में हुई ₹18.50 लाख की सनसनीखेज चोरी की गुत्थी को महज 24 घंटों के भीतर सुलझा लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो शातिर चोरों दीपक उर्फ दीपू (25 वर्ष) और सनी उर्फ ‘उंगली काऊ’ (23 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की गई रकम में से ₹13.50 लाख नकद बरामद कर लिए हैं। आरोपी भीड़भाड़ वाले इलाकों में बैग की जिप खोलकर कीमती सामान और नगदी उड़ाने की ‘पिकपॉकेटिंग’ तकनीक के माहिर खिलाड़ी हैं।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 25 मार्च को ₹18.50 लाख की चोरी की शिकायत मिली थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि वह अपने मालिक के निर्देश पर 24 मार्च की रात करीब आठ बजे नगदी लेकर गफ्फार मार्केट स्थित एक दुकानदार को देने जा रहा था। जब वह दुकान पर पहुँचा, तो देखा कि उसके कंधे पर लटके बैग की जिप खुली हुई थी और सारा कैश गायब था। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल राजा राम और कांस्टेबल कमलजीत की एक विशेष टीम गठित की गई।

टीम ने विष्णु मंदिर मार्ग से लेकर गफ्फार मार्केट तक के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। विश्लेषण के दौरान दो संदिग्ध युवक शिकायतकर्ता का पीछा करते हुए दिखाई दिए, जिन्होंने भीड़ का फायदा उठाकर बड़ी सफाई से बैग की जिप खोली और नगदी निकाल ली। तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से 27 मार्च को दोनों आरोपियों को पहाड़गंज इलाके से दबोच लिया गया। आरोपी दीपक के सदर स्थित घर से ₹13.50 लाख की नगदी बरामद की गई।

पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि उन्होंने शिकायतकर्ता को भारी बैग के साथ देखकर उसे निशाना बनाया था। वे भीड़भाड़ वाले बाजारों में ऐसे लोगों की तलाश करते हैं जिनके पास बैग हो और फिर धक्का-मुक्की या भीड़ का लाभ उठाकर बिना पता चले बैग से सामान निकाल लेते हैं। आरोपी दीपक और सनी दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वे पहले भी करोल बाग, कश्मीरी गेट और लाहौरी गेट जैसे थानों में दर्ज कई चोरी के मामलों में शामिल रहे हैं। पुलिस अब शेष राशि की बरामदगी और इनके अन्य साथियों का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More