झपटमारी कर भाग रहे बदमाश ने बीच सड़क छोड़ी स्कूटी, दरियागंज पुलिस ने पीछा कर दबोचा, स्कूटी और लूटा गया मोबाइल बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के सेंट्रल जिले की दरियागंज थाना पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए एक शातिर और आदतन अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में मोहम्मद फैजान उर्फ आमिर (29 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से झपटमारी किया गया एक मोबाइल फोन और चोरी की एक स्कूटी बरामद की है। पकड़ा गया आरोपी पहले से ही चोरी, झपटमारी, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस जैसे 17 आपराधिक मामलों में संलिप्त रहा है।

सेंट्रल जिले के डीसीपी रोहित राजबीर सिंह ने बताया कि 27 मार्च को दरियागंज थाने में मोबाइल झपटमारी के प्रयास की सूचना मिली थी, जहां आरोपी अपनी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गया था। जांच के दौरान हेड कांस्टेबल सुनील हुड्डा ने जब लावारिस मिली बिना नंबर वाली स्कूटी के मालिक का पता लगाया, तो वह कमला मार्केट का निवासी निकला। मालिक ने बताया कि उसकी स्कूटी 22 मार्च को दुकान से चोरी हो गई थी। दुकान के सीसीटीवी फुटेज खंगालने पर आरोपी मोहम्मद फैजान की पहचान हुई।

इसी बीच, एक अन्य पीड़ित ने पुलिस स्टेशन पहुँचकर जानकारी दी कि उसी सुबह एन.एस. मार्ग पर एक स्कूटी सवार ने उसका मोबाइल छीन लिया है। पीड़ित ने आरोपी की पहचान मोहम्मद फैजान के रूप में की। एसीपी दरियागंज के मार्गदर्शन में गठित टीम ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपी का पीछा किया। पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी तुर्कमान गेट मार्केट के पास लूटा हुआ मोबाइल बेचने की फिराक में घूम रहा है। टीम ने तुरंत छापेमारी कर उसे मौके पर ही दबोच लिया और उसकी जेब से झपटमारी किया गया मोबाइल बरामद कर लिया।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसने कमला मार्केट से स्कूटी चोरी की थी और उसी का इस्तेमाल झपटमारी की वारदातों को अंजाम देने के लिए कर रहा था। आरोपी का पुराना रिकॉर्ड खंगालने पर पता चला कि वह चांदनी महल, हौज काजी और आईपी एस्टेट जैसे थानों में दर्ज कई गंभीर मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और अब यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि उसने हाल के दिनों में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More