ऊंटों के जरिए शराब तस्करी का भंडाफोड़, स्पेशल स्टाफ ने जंगल के रास्ते शराब ला रहे तस्कर को दबोचा

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले के स्पेशल स्टाफ की टीम ने अवैध शराब तस्करी के एक बेहद ही अजीबोगरीब और अनूठे नेटवर्क का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में ऊंटों का इस्तेमाल कर शराब की तस्करी करने वाले एक आरोपी विनोद भड़ाना (48 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 39 पेटी अवैध शराब (1,938 पव्वे) बरामद की हैं और तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे दो ऊंटों को सुरक्षित रेस्क्यू कर संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 29 और 30 मार्च की दरम्यानी रात को गुप्त सूचना मिली थी कि फरीदाबाद से जंगल के रास्तों के जरिए संगम विहार इलाके में ऊंटों पर लादकर अवैध शराब लाई जा रही है। सूचना मिलते ही स्पेशल स्टाफ के प्रभारी इंस्पेक्टर अनुज कुमार के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल रविंद्र सूखा, सुनील और उनकी टीम ने संगम विहार के जंगली इलाके में रणनीतिक घेराबंदी की। अंधेरे का फायदा उठाकर भागने की कोशिश कर रहे आरोपी विनोद भड़ाना को पुलिस ने ऊंटों और शराब की खेप के साथ दबोच लिया।

पूछताछ में तस्करी के चौंकाने वाले मॉडस ऑपरेंडी का खुलासा हुआ। आरोपी ने बताया कि ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत दिल्ली-फरीदाबाद की मुख्य सड़कों पर पुलिस की भारी चेकिंग और बैरिकेडिंग से बचने के लिए उसने ऊंटों का सहारा लिया। ऊंट आसानी से पथरीले और जंगली रास्तों पर चल सकते हैं, जहाँ पुलिस की गाड़ियाँ नहीं पहुँच पातीं। इसी का फायदा उठाकर वह पुलिस चेकपोस्ट को चकमा देकर हरियाणा से दिल्ली में शराब की खेप खपा रहा था।

आरोपी विनोद भड़ाना मूल रूप से फरीदाबाद के आनंदपुर गांव का रहने वाला है। वह पहले भी साल 2025 में नेब सराय थाने में दिल्ली आबकारी अधिनियम और पशु क्रूरता निवारण अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने उसके पास से शराब के साथ-साथ ऊंटों पर सामान लादने के उपकरण भी जब्त किए हैं। डीसीपी ने बताया कि पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि वह यह शराब दिल्ली में किन लोगों को सप्लाई करने वाला था। फिलहाल आरोपी पुलिस की हिरासत में है और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More