चाकू की नोक पर पैसे मांग रहे थे बदमाश, मंदिर के पास पुलिस टीम ने रंगे हाथ पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली के दक्षिण जिले की महरौली थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए छतरपुर इलाके में लूटपाट की एक बड़ी वारदात को होने से रोक दिया है। पुलिस ने घटना के महज 24 घंटे के भीतर एक मुख्य आरोपी नदीम (30 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि उसके दो नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया गया है। आरोपियों ने छतरपुर स्थित हनुमान मंदिर के पास चाकू की नोक पर लोगों को डरा-धमकाकर लूटने का प्रयास किया था। पुलिस ने इनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और हमले में प्रयुक्त चाकू बरामद कर लिया है।

दक्षिण जिले के डीसीपी अनंत मित्तल ने बताया कि 27 मार्च की सुबह करीब 6 बजे छतरपुर स्थित हनुमान मंदिर के गेट नंबर-08 पर तैनात पुलिस कर्मियों को सूचना मिली कि तीन युवक चाकू लहराकर राहगीरों से पैसों की मांग कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मार्कंडेय मंडपम के पास पहुँची और घेराबंदी कर तीनों संदिग्धों को मौके पर ही दबोच लिया। शिकायतकर्ता ने बताया कि मोटरसाइकिल सवार इन तीनों युवकों ने उसे चाकू दिखाकर लूटने की कोशिश की थी। इस संबंध में थाना महरौली में बीएनएस और जेजे एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।

पकड़ा गया मुख्य आरोपी नदीम साकेत के मंडी गांव स्थित बापू कॉलोनी का रहने वाला है। उसके साथ पकड़े गए दोनों किशोरों की उम्र 16 और 17 वर्ष है और वे भी मंडी इलाके के ही निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से लूटे गए ₹100 नकद भी बरामद किए हैं। जांच में सामने आया कि इन तीनों का पहले का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं मिला है और इन्होंने केवल आसान कमाई और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए लूटपाट का रास्ता चुना था।

डीसीपी ने बताया कि मंदिर जैसे भीड़भाड़ वाले संवेदनशील इलाके में पुलिस की सतर्कता के कारण एक बड़ी घटना टल गई। फिलहाल आरोपी नदीम को जेल भेज दिया गया है और दोनों किशोरों को बाल सुधार गृह भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इन युवकों ने पहले भी इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More