राजौरी गार्डन में ‘ऑपरेशन कवच’ के दौरान पकड़े गए नाइजीरियाई नागरिक की मौत

नई दिल्ली: पश्चिमी दिल्ली के राजौरी गार्डन इलाके में पुलिस के ‘ऑपरेशन कवच’ के तहत चलाए जा रहे तलाशी अभियान के दौरान एक संदिग्ध नाइजीरियाई नागरिक की मृत्यु का मामला सामने आया है। पुलिस हिरासत में तबीयत बिगड़ने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान नाइजीरियाई मूल के क्रिश्चियन एज़े प्रॉमिस के रूप में हुई है। पुलिस ने इस घटना की जानकारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और नाइजीरियाई उच्चायोग को दे दी है।

राजौरी गार्डन थाना पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, रविवार शाम स्पेशल स्टाफ की टीम मुख्य सड़कों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर रही थी। इसी दौरान राजौरी गार्डन मेट्रो स्टेशन की ओर गलत दिशा से एक काले रंग की टीवीएस स्कूटी आती दिखी। पुलिस टीम ने जब संदिग्ध को रुकने का इशारा किया, तो उसने भागने की कोशिश में अपनी स्कूटी पुलिस की बाइक से भिड़ा दी। सड़क पर गिरने के बाद संदिग्ध अपनी स्कूटी छोड़कर पैदल ही भागने लगा, लेकिन मुस्तैद पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।

हिरासत में लेने के बाद संदिग्ध को टैगोर गार्डन स्थित स्पेशल स्टाफ के कार्यालय ले जाया गया। पूछताछ के दौरान उसने जांच में सहयोग नहीं किया और अचानक अपनी तबीयत खराब होने की बात कही। पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उसे तत्काल ख्याला स्थित गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, वहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत अवस्था में लाया गया घोषित कर दिया। अस्पताल के रिकॉर्ड के अनुसार उसका एमएलसी दर्ज किया गया है।

पुलिस ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम और आगे की प्रक्रिया के लिए एम् की मोर्चरी में सुरक्षित रखवाया गया है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस मुख्यालय के निर्देशों का पालन करते हुए विदेश मंत्रालय और संबंधित विभागों को अवगत करा दिया गया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि संदिग्ध के भागने की वजह क्या थी और उसकी अचानक मृत्यु के पीछे के चिकित्सा कारण क्या हैं। फिलहाल इलाके में स्थिति सामान्य है और मामले की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More