पुल प्रहलादपुर में घरेलू कलह ने लिया हिंसक रूप, पति ने छोटे सिलेंडर से हमला कर कि पत्नी की हत्या, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के पुल प्रहलादपुर इलाके में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहाँ घरेलू विवाद के चलते एक व्यक्ति ने अपनी ही पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने गुस्से में आकर अपनी 32 वर्षीय पत्नी के सिर पर छोटे एलपीजी सिलेंडर से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान पूनम (32) के रूप में हुई है। वह अपने पति सुरेश कुमार के साथ पुल प्रहलादपुर स्थित डीडीए जनता फ्लैट्स में रहती थी। बताया जा रहा है कि इस दंपती की शादी वर्ष 2020 में हुई थी और वे करीब एक महीने पहले ही राजस्थान के चुरू से दिल्ली शिफ्ट हुए थे। उनकी दो बेटियां हैं, जिनमें से चार साल की बड़ी बेटी चुरू में दादा-दादी के साथ रहती है, जबकि डेढ़ साल की छोटी बेटी दिल्ली में माता-पिता के साथ ही रह रही थी।

वारदात की जड़ में भाई को आर्थिक मदद देने का विवाद सामने आया है। शुरुआती जांच के मुताबिक, सुरेश अपने भाई की आर्थिक सहायता करना चाहता था, जिसका पूनम विरोध कर रही थी। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस शुरू हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई। आवेश में आकर सुरेश ने घर में रखे छोटे गैस सिलेंडर से पूनम पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी, लेकिन जब तक मदद पहुँचती, पूनम दम तोड़ चुकी थी।

पुल प्रहलादपुर थाना पुलिस ने आरोपी सुरेश कुमार को मौके से ही दबोच लिया। पुलिस ने हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वारदात के समय घर में मौजूद डेढ़ साल की मासूम बच्ची को सुरक्षित बचा लिया गया है। पुलिस अधिकारी का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि विवाद के अन्य संभावित कारणों का पता लगाया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More