मेडिकल स्टोर की आड़ में चल रहा था ड्रग का काला कारोबार, क्राइम ब्रांच ने 4.5 करोड़ की नशीली गोलियों के साथ पांच को पकड़ा

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स ने राजधानी में सक्रिय एक संगठित ड्रग कार्टेल का भंडाफोड़ करते हुए भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं बरामद की हैं। पुलिस ने इस कार्रवाई में नितिन पाठक (20 वर्ष), प्रेम सिंह यादव (30 वर्ष), शालू कुमार (45 वर्ष) और संजय सिंह (36 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग (CCL) को हिरासत में लिया गया है। इनके पास से 3.539 किलो अल्प्राजोलम और 1.709 किलो ट्रामाडोल गोलियां बरामद की गई हैं, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 4.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।

डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि 17 मार्च को हेड कांस्टेबल दीपक परेवा और एएसआई रमेश बाबू को उत्तर-पूर्वी दिल्ली में नशीली दवाओं की एक बड़ी खेप की आवाजाही की गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद इंस्पेक्टर प्रवीण राठी के नेतृत्व में टीम ने शिव विहार तिराहा, जोहरीपुर रोड पर जाल बिछाया। पुलिस ने वहां एक स्प्लेंडर मोटरसाइकिल को रोका, जिस पर नितिन पाठक और एक नाबालिग सवार थे। तलाशी के दौरान उनके पास से 11,900 अल्प्राजोलम और 825 ट्रामाडोल की गोलियां बरामद हुईं।

नितिन पाठक से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के भोपुरा में स्थित एक मेडिकल स्टोर पर छापा मारा, जिसका मालिक प्रेम सिंह यादव था। वहां से 2,250 ट्रामाडोल कैप्सूल और बाद में आरोपी के घर से 11,955 अल्प्राजोलम गोलियां बरामद की गईं। जांच आगे बढ़ी तो शालू कुमार और संजय सिंह के नाम सामने आए, जो इस सिंडिकेट के मुख्य खिलाड़ी थे। शालू कुमार की पहले एक फार्मा कंपनी थी जो लॉकडाउन में बंद हो गई थी, जिसके बाद वह अवैध कारोबार में उतर गया। वहीं संजय सिंह पहले भागीरथ पैलेस में मजदूर था और अधिक मुनाफे के लिए इस धंधे में शामिल हो गया।

पकड़ा गया मुख्य आरोपी नितिन पाठक बीएससी ग्रेजुएट है और पहले मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में काम कर चुका है, जिससे उसे प्रतिबंधित दवाओं की मांग और बाजार की पूरी जानकारी थी। एएनटीएफ ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(c), 25 और 29 के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह जब्ती दिल्ली में ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की एक बड़ी सफलता है। फिलहाल पुलिस इस नेटवर्क के अन्य संपर्कों और सोर्स का पता लगाने के लिए आगे की जांच कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More