इंसाफ मांगने गए नेत्रहीन दिव्यांग को मिलीं गालियां और धक्का, यूपी पुलिस के इंस्पेक्टर और दरोगा पर गिरी गाज

राष्ट्रीय जजमेंट

बदायूं)। वर्दी के घमंड में प्रभारी कोतवाल और हलका इंचार्ज ये भी भूल गए कि वह किसके साथ अभद्रता कर रहे हैं। उन्होंने यह भी विचार नहीं किया कि वह जिसके साथ मारपीट कर रहे हैं, वह आंखों से दिव्यांग हैं और खुद पीड़ित है।
वह प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग करने आया है लेकिन इसके बाद भी उन्हें मारपीट कर धक्का देकर कोतवाली से बाहर निकाल दिया।

जब इसका वीडियो प्रसारित हुआ तो एसएसपी अंकिता शर्मा ने दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। वजीरगंज थाना क्षेत्र के गांव नौली हरनाथपुर निवासी सोमेश पुत्र सुरेंद्र और उसका साथी दो मार्च को बिसौली से लौट रहा था। तभी रास्ते में मई गांव के नजदीक एक ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी थी, जिसमें दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

तब से उनका उपचार चल रहा है। इस हादसे के संबंध में सोमेश के चाचा मोरपाल ने कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी थी। बताया जा रहा है कि मोरपाल आंखों से दिव्यांग हैं। कई बार कोतवाली पुलिस से कार्रवाई की मांग की लेकिन पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं कि इस संबंध में उन्होंने हलका इंचार्ज भूपेंद्र यादव से मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने मोबाइल पर ही उनके साथ गाली गलौज कर डाली।
यह बात मोरपाल को बुरी लगी, तो वह इसकी शिकायत करने बिसौली कोतवाली आ गए लेकिन यहां प्रभारी कोतवाल राजेंद्र सिंह पुंडीर ने उनके साथ अभद्रता कर डाली। उनके साथ गाली गलौज करते हुए आपत्तिजनक शब्द बोले और मारपीट करते हुए उन्हें कोतवाली से बाहर निकाल दिया।

जब इस संबंध में शनिवार को वीडियो प्रसारित हुआ तो एसएसपी अंकित शर्मा ने शनिवार देर शाम इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर और उपनिरीक्षक भूपेंद्र यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। इस मामले की जांच सीओ बिसौली संजीव कुमार को सौंप दी है। उन्होंने कहा है कि इस संबंध में जांच रिपोर्ट आने के बाद अगली कार्रवाई भी की जाएगी।
बिसौली कोतवाली का एक वीडियो प्रसारित हुआ है, जिसमें कोतवाली इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह पुंडीर अभद्रता करते हुए दिखाई दे रहे हैं। इसमें तत्काल प्रभाव से इंस्पेक्टर और उपनिरीक्षक को निलंबित कर दिया गया है। इसकी जांच कराई जा रही है। इसमें जो भी रिपोर्ट आएगी। उसके अनुसार अगली कार्रवाई होगी।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More