नकली प्रोटीन सप्लीमेंट रैकेट का क्राइम ब्रांच ने किया भंडाफोड़, हरियाणा का ‘बंजारा’ गिरफ्तार, रानी खेरा में चल रही अवैध फैक्ट्री सील

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (आर.के. पुरम यूनिट) ने नकली प्रोटीन सप्लीमेंट बनाने वाले एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए एक और मुख्य आरोपी नवीन कुमार उर्फ बंजारा (32 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दिल्ली के रानी खेरा गांव में चल रही एक अवैध मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर छापा मारकर भारी मात्रा में नकली प्रोटीन, कच्चा माल और आधुनिक मशीनें बरामद की हैं। यह कार्रवाई पहले गिरफ्तार किए गए मोहित तिवारी और मोहित दीक्षित से पूछताछ के बाद मिली सूचना के आधार पर की गई है।

डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार ने बताया कि इंस्पेक्टर रामपाल के नेतृत्व में गठित टीम ने रानी खेरा स्थित एक परिसर में छापेमारी की। वहां आरोपी नवीन कुमार नामी ब्रांड जैसे ‘ऑप्टिमम न्यूट्रिशन’ और ‘सिंथा-6’ के नकली डिब्बे तैयार कर रहा था। आरोपी सस्ते माल जैसे माल्टोडेक्सट्रिन, कोको पाउडर और अलग-अलग फ्लेवरिंग एजेंट्स को मिलाकर नकली सप्लीमेंट बनाता था और उन्हें असली दिखने वाले कंटेनरों में पैक करता था। मौके से भारी मात्रा में नकली होलोग्राम, क्यूआर कोड प्रिंटिंग मशीन और इंडक्शन सीलिंग मशीन बरामद की गई है।

छापेमारी के दौरान पुलिस को 26 सीलबंद डिब्बे नकली प्रोटीन, 300 से अधिक नकली कैप सील, सैकड़ों खाली जार और करीब 250 किलो माल्टोडेक्सट्रिन (बेस पाउडर) मिला। इसके अलावा वनीला, कुकीज, कॉफी चॉकलेट और ब्लूबेरी जैसे फ्लेवर के 100 किलो से अधिक पैकेट भी जब्त किए गए। पुलिस ने आरोपी के पास से एक डेस्कटॉप कंप्यूटर भी बरामद किया है, जिसमें नामी ब्रांड्स के नकली स्टीकर की सॉफ्ट कॉपियां मिली हैं। मौके पर FSSAI के अधिकारियों को बुलाकर नमूनों को जांच के लिए लैब भेज दिया गया है।

आरोपी नवीन कुमार उर्फ बंजारा मूल रूप से हरियाणा के चरखी दादरी का रहने वाला है। वह पहले भी इसी तरह के अपराधों में शामिल रहा है। वह इस पूरे सिंडिकेट का एक महत्वपूर्ण हिस्सा था, जो न केवल माल बनाता था बल्कि पैकेजिंग और होलोग्राम की व्यवस्था भी करता था। क्राइम ब्रांच अब इस रैकेट की पूरी सप्लाई चेन और उन दुकानदारों का पता लगा रही है जो इन नकली उत्पादों को बाजार में खपा रहे थे। पुलिस का उद्देश्य स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले इस पूरे नेटवर्क को जड़ से खत्म करना है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More