क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय मोबाइल तस्करी रैकेट का किया भंडाफोड़; यमुना विहार से 83 चोरी के स्मार्टफोन बरामद, बांग्लादेश भेजे जाने वाली थी खेप

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (ईस्टर्न रेंज-I) ने सक्रियता और सटीक जांच का परिचय देते हुए चोरी के मोबाइल फोन की खरीद-फरोख्त और तस्करी करने वाले एक अंतरराज्यीय रैकेट का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने यमुना विहार इलाके में छापेमारी कर गिरोह के दो मुख्य सदस्यों सावेज (34 वर्ष) और फरदीन (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से एक सीलबंद कार्टन में पैक किए गए 83 प्रीमियम स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं, जिन्हें कूरियर के जरिए पश्चिम बंगाल के रास्ते बांग्लादेश भेजने की तैयारी थी।

डीसीपी (क्राइम) पंकज कुमार ने बताया कि 27 मार्च को इंस्पेक्टर आशीष शर्मा को यमुना विहार से संचालित होने वाले एक गैंग के बारे में गुप्त सूचना मिली थी। इसके बाद एसआई रंजीत सिंह और हेड कांस्टेबल सौरव की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने यमुना विहार के मोमिन चौक के पास गली नंबर-13 स्थित एक किराए के मकान की तीसरी मंजिल पर छापा मारा। वहां आरोपी सावेज और फरदीन रंगे हाथ पकड़े गए, जो उस समय चोरी के मोबाइल फोन्स की खेप को पैक कर रहे थे।

तलाशी के दौरान बरामद किए गए 83 फोन में आईफोन, सैमसंग, वनप्लस, वीवो, ओप्पो, रियलमी, नथिंग और मोटोरोला जैसे महंगे ब्रांड शामिल हैं। सीईआईआर पोर्टल के जरिए जब इनके आईएमईआई नंबरों की जांच की गई, तो पता चला कि ये फोन दिल्ली के महेंद्र पार्क, नेहरू मेट्रो, पांडव नगर, पश्चिम विहार और उत्तर प्रदेश के नोएडा जैसे इलाकों से चोरी किए गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में खुलासा किया कि वे ये फोन ‘दानिश’ नाम के व्यक्ति से खरीदते थे और फिर उन्हें अपने संपर्कों के माध्यम से बांग्लादेश भेजते थे।

पकड़े गए आरोपियों में सावेज का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड रहा है; वह पहले भी साहिबाबाद (यूपी) में लूट, चोरी और आर्म्स एक्ट के 4 मामलों में शामिल रहा है। पुलिस ने दोनों को बीएनएसएस की धारा 35.1(E) और 106 के तहत गिरफ्तार कर कड़कड़डूमा कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। क्राइम ब्रांच अब इस गिरोह के सरगना ‘दानिश’ और पश्चिम बंगाल में बैठे उनके रिसीवरों की तलाश कर रही है ताकि मोबाइल चोरी और इसकी अंतरराष्ट्रीय तस्करी के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More