खिड़की की जाली काटकर घर में घुसे थे चोर, द्वारका पुलिस ने तीन शातिर को दबोचा, सोने-चांदी के सिक्कों और भारी मूर्तियों बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के द्वारका जिला पुलिस ने चोरी और सेंधमारी की वारदातों पर कड़ा प्रहार करते हुए एक शातिर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। थाना द्वारका साउथ की टीम ने सेक्टर-7 स्थित एक घर में हुई बड़ी चोरी की गुत्थी को महज 36 घंटों के भीतर सुलझाते हुए दो आरोपियों सोनू मिश्रा (20 वर्ष) और अमरजीत साह (31 वर्ष) को गिरफ्तार किया है, जबकि एक किशोर को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने इनके पास से चोरी किया गया शत-प्रतिशत सामान बरामद कर लिया है, जिसकी कीमत 5 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।

द्वारका जिले के डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि 16 मार्च को द्वारका सेक्टर-7 के एक घर में खिड़की की लोहे की जाली काटकर चोरी होने की शिकायत मिली थी। पीड़ित ने बताया कि चोरों ने घर से चांदी के सिक्के, भगवान गणेश की मूर्ति, राधा-कृष्ण की प्रतिमा, करीब 30 किलो वजनी पीतल की नंदी की मूर्ति, 75 हजार रुपये का मोंट ब्लांक पेन और कई कीमती घड़ियां चोरी कर ली हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी किशोर कुमार रेवाला के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजेश कुमार साह के नेतृत्व में एएसआई महावीर, हेड कांस्टेबल प्रवीण और मनोज सहित एक विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान टीम ने इलाके के 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय किया। तकनीकी विश्लेषण और कड़ी मेहनत के बाद हेड कांस्टेबल मनोज को सूचना मिली कि आरोपी सेक्टर-7 के एक पार्क में छिपे हुए हैं। पुलिस ने तुरंत छापेमारी कर तीनों को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से चोरी की गई भारी भरकम मूर्तियां, चांदी के सिक्के और कीमती पेन बरामद हुए। मौके पर मौजूद शिकायतकर्ता ने अपने सामान की पहचान भी कर ली है।

पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे नशे के आदी हैं और अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए उन्होंने चोरी की योजना बनाई थी। गिरोह का सरगना सोनू मिश्रा पहले भी पालम विलेज थाने में चोरी के एक मामले में शामिल रहा है। दूसरा आरोपी अमरजीत साह ई-रिक्शा चलाता है। आरोपियों को इलाके की अच्छी जानकारी थी, जिसका फायदा उठाकर उन्होंने रात के समय वारदात को अंजाम दिया। इस गिरफ्तारी के साथ पुलिस ने द्वारका साउथ थाने में दर्ज चोरी के कुल 05 मामलों को सुलझाने का दावा किया है। फिलहाल पुलिस इनसे और भी वारदातों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More