पीतमपुरा के आरपी चौक पर दो गाड़ियों में जोरदार टक्कर, घायल अस्पताल में भर्ती

नई दिल्ली: दिल्ली के पीतमपुरा इलाके में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। आरपी चौक पर जीडी गोयनका स्कूल के सामने दो कारों के बीच हुई जोरदार भिड़ंत में एक 21 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि एक अन्य को मामूली चोटें आई हैं। घटना की सूचना मिलते ही मौर्या एन्क्लेव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, हादसा 29 मार्च की सुबह करीब 5:30 बजे हुआ। पीसीआर को मिली सूचना में कॉलर राघव माथुर ने बताया कि वह अपनी मारुति ब्रेजा कार से जा रहे थे, तभी नेताजी सुभाष प्लेस की ओर से आ रही एक तेज रफ्तार कार ने आरपी चौक के पास उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। हादसे में पीतमपुरा निवासी 21 वर्षीय पार्थ गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तुरंत शालीमार बाग स्थित फोर्टिस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है।

वहीं, शिकायतकर्ता राघव माथुर को भी मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार और मेडिकल परीक्षण के लिए भगवान महावीर अस्पताल ले जाया गया। टक्कर मारने वाली गाड़ी के चालक को भी पुलिस ने हिरासत में लेकर मेडिकल जांच के लिए उसी अस्पताल भेजा है, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि दुर्घटना के समय वह नशे में था या नहीं। घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंची जिला क्राइम टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं और सड़क पर बिखरे मलबे को हटवाकर यातायात सामान्य कराया।

मौर्या एन्क्लेव थाना पुलिस ने दोनों दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को जब्त कर थाने खड़ा करवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी चालक के खिलाफ उचित कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि हादसे के सही कारणों और गाड़ियों की रफ्तार का पता लगाया जा सके। सुबह-सुबह हुई इस घटना से इलाके के लोगों में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता देखी जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More