‘सुन पापा को सब बता दूंगी.’ रंगेहाथ पकड़े जाने पर बड़ी बहन ने प्रेमी संग मिलकर छोटी बहन की ली जान

प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जिसने रिश्तों की मर्यादा और मानवता दोनों को झकझोर कर रख दिया है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में 11 वर्षीय अनुष्का की संदिग्ध मौत का मामला अब एक सुनियोजित हत्या के रूप में सामने आया है
हैरान करने वाली बात यह है कि इस वारदात को अंजाम देने वाली कोई और नहीं, बल्कि उसकी सगी बड़ी बहन और उसका प्रेमी निकले।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि मृतका की 18 वर्षीय बहन काजल का पड़ोसी गांव के युवक शिवम के साथ प्रेम संबंध था। दोनों की पहचान करीब दो महीने पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। होली के आसपास काजल के पिता को इस रिश्ते की जानकारी मिल गई थी, जिसके बाद उन्होंने काजल का मोबाइल तोड़ दिया और उसे शिवम से दूर रहने की चेतावनी दी थी। इसके बावजूद काजल चोरी-छिपे उससे संपर्क में बनी रही।

घटना वाले दिन अनुष्का खेत में मेंथा की रोपाई के लिए गई थी। इसी दौरान उसने अपनी बहन को उसके प्रेमी के साथ आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। अनुष्का ने काजल से कहा कि वह घर जाकर इस बारे में पिता को बता देगी।

राज खुलने के डर से काजल और शिवम ने मिलकर खौफनाक साजिश रची और मासूम अनुष्का की गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद काजल ने खुद को बचाने के लिए बहन के लापता होने का नाटक किया और पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की।

हालांकि, पुलिस को उसके बयानों में विरोधाभास नजर आया। सख्ती से पूछताछ करने पर काजल और शिवम ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर इस अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।

इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। लोग इस बात पर यकीन नहीं कर पा रहे हैं कि एक बड़ी बहन अपने रिश्ते को बचाने के लिए अपनी ही छोटी बहन की हत्या कर सकती है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More