40 किलो सिक्के और स्कूटी के साथ शाहदरा एएटीएस ने गजनी को किया गिरफ्तार

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वाड ने इलाके में सक्रिय वाहन चोरों और सेंधमारों के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस टीम ने एक शातिर अपराधी इमरान उर्फ इरफान उर्फ गजनी (28 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की एक टीवीएस एनटॉर्क स्कूटी, भारी मात्रा में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और 40.250 किलोग्राम भारतीय सिक्के बरामद किए हैं। इस गिरफ्तारी से पुलिस ने पूर्वी दिल्ली के मधु विहार थाने में दर्ज सेंधमारी और वाहन चोरी के दो बड़े मामलों को सुलझाने का दावा किया है।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले में दोपहिया वाहनों की चोरी की घटनाओं को देखते हुए एएटीएस प्रभारी इंस्पेक्टर प्रतीक सक्सेना के नेतृत्व में एएसआई प्रेमपाल, हेड कांस्टेबल सुधीर, कृष्णपाल और कांस्टेबल अजय की एक विशेष टीम गठित की गई थी। टीम को सीसीटीवी फुटेज खंगालने और स्थानीय मुखबिरों को सक्रिय करने के निर्देश दिए गए थे। 26 मार्च को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति चोरी के माल के साथ सीमापुरी की ओर आने वाला है। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए टीम ने न्यू सीमापुरी स्थित एमसीडी कार पार्किंग के पास जाल बिछाया और आरोपी इमरान उर्फ गजनी को दबोच लिया।

तलाशी के दौरान आरोपी के पास से ग्रे रंग की स्कूटी मिली, जो मधु विहार इलाके से चोरी हुई पाई गई। इसके अलावा उसके पास मौजूद एक ट्रॉली बैग से भारी मात्रा में आर्टिफिशियल ज्वेलरी और करीब 40 किलो सिक्के बरामद हुए। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि ये सिक्के और ज्वेलरी उसने मधु विहार इलाके के ही एक घर में सेंधमारी कर चुराए थे। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही चोरी के 3 आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह एक आदतन अपराधी है।

आरोपी इमरान उर्फ गजनी न्यू सीमापुरी का रहने वाला है और पेशे से कबाड़ी है। वह केवल छठी कक्षा तक पढ़ा है और शादीशुदा है। डीसीपी ने बताया कि आरोपी स्मैक और शराब के नशे का आदी है। अपनी आय कम होने और नशे की जरूरतों को पूरा करने के लिए उसने अपराध का रास्ता चुना और घरों व वाहनों को निशाना बनाना शुरू कर दिया। पुलिस अब उसके अन्य साथियों की पहचान करने और अन्य संभावित वारदातों का पता लगाने में जुटी है। फिलहाल आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्यवाही की जा रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More