चाकू की नोक पर बाइक और मोबाइल लूटने वाले गिरोह का पर्दाफाश, रोहिणी पुलिस ने बरामद किया सामान

नई दिल्ली: दिल्ली के रोहिणी जिले के केएनके मार्ग थाना पुलिस ने एक सनसनीखेज लूट के मामले को सुलझाते हुए एक शातिर अपराधी और तीन किशोरों को पकड़ा है। पुलिस ने इस कार्रवाई में आरोपी शुभम उर्फ शिब्बू (19 वर्ष) को गिरफ्तार किया और उसके तीन नाबालिग साथियों को हिरासत में लिया है। इनके कब्जे से लूटी गई एक मोटरसाइकिल, दो मोबाइल फोन, एक जोड़ी ईयरबड्स और वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद किया गया है। यह गैंग ऐप के जरिए बाइक बुक करके चालकों को सुनसान जगह पर ले जाकर लूटता था।

रोहिणी जिले के डीसीपी शशांक जायसवाल ने बताया कि 15 मार्च को बाइक टैक्सी चालक दीपक कुमार ने शिकायत दर्ज कराई थी कि शाहबाद दौलतपुर में चार लड़कों ने चाकू दिखाकर उनसे बाइक, मोबाइल और ईयरबड्स लूट लिए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसीपी प्रशांत विहार रामफूल मीणा के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी इंस्पेक्टर प्रमोद आनंद के नेतृत्व में एएसआई उमेश, हेड कांस्टेबल सुनील, नवनीत और कांस्टेबल प्रीतम सहित एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास के दर्जनों सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर 24 मार्च को मुख्य आरोपी शुभम और एक नाबालिग को धर दबोचा।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि 14-15 मार्च की रात उन्होंने पहले प्रशांत विहार के जापानी पार्क के पास एक ऑटो चालक से मोबाइल छीना था। इसके बाद उन्होंने छीने गए मोबाइल के सिम कार्ड का इस्तेमाल शुभम के फोन में किया और एक ऐप के जरिए बाइक बुक की। जब बाइक चालक रोहिणी सेक्टर-17 के पास पहुंचा, तो उन्होंने चाकू की नोक पर उसे डराया और उसकी बाइक व अन्य सामान लूट लिया। पुलिस ने बाद में छापेमारी कर अन्य दो नाबालिग साथियों को भी पकड़ लिया, जिनसे लूटी गई बाइक और वारदात में प्रयुक्त चाकू बरामद हुआ।

मुख्य आरोपी शुभम उर्फ शिब्बू शाहबाद दौलतपुर का रहने वाला है और वह पहले भी इसी तरह के पांच आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। डीसीपी ने आगे बताया कि इस गिरोह की गिरफ्तारी से लूट और झपटमारी के कुल तीन मामले सुलझ गए हैं। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इस गैंग ने और किन-किन वारदातों को अंजाम दिया है। फिलहाल आरोपी शुभम को जेल भेज दिया गया है और तीनों किशोरों को सुधार गृह भेजा जा रहा है। मामले की आगे की जांच जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More