शाहदरा स्पेशल स्टाफ ने बागपत के दो शातिर ऑटो-लिफ्टरों को दबोचा, आनंद विहार से चोरी हुई बलेनो कार बरामद

नई दिल्ली: दिल्ली के शाहदरा जिले के स्पेशल स्टाफ ने वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए दो शातिर ऑटो-लिफ्टरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इस कार्रवाई में उत्तर प्रदेश के बागपत निवासी पवन (26 वर्ष) और मोनू (25 वर्ष) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की गई मारुति बलेनो कार बरामद कर ली है। यह कार पिछले साल अगस्त में आनंद विहार थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी।

शाहदरा जिले के डीसीपी राजेंद्र प्रसाद मीणा ने बताया कि जिले में वाहन चोरी रोकने के लिए स्पेशल स्टाफ की एक समर्पित टीम को सक्रिय किया गया था। 25 मार्च को स्पेशल स्टाफ प्रभारी इंस्पेक्टर महेश कसाना के नेतृत्व में एसआई छगन, राजकुमार, इस्माइल और उनकी टीम सीमापुरी की ओर जाने वाले मेन जीटी रोड पर गश्त कर रही थी। इसी दौरान झिलमिल मस्जिद के सामने सुजुकी सर्विस सेंटर के पास एक संदिग्ध कार को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को देख चालक ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए घेराबंदी कर पवन और मोनू को दबोच लिया।

जांच करने पर पता चला कि उक्त बलेनो कार आनंद विहार थाने में दर्ज ई-एफआईआर से संबंधित है, जो अगस्त 2025 में चोरी हुई थी। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने कबूल किया कि वे पेशे से मजदूर हैं। उन्होंने बताया कि शराब की लत और पैसों की तंगी के कारण वे वाहन चोरी के रास्ते पर चल पड़े। वे अक्सर सुनसान इलाकों में बिना निगरानी के खड़े वाहनों को निशाना बनाते थे ताकि पकड़े जाने का डर न रहे।

आरोपी पवन और मोनू मूल रूप से बागपत के गांव पौरनपुर के रहने वाले हैं। डीसीपी ने आगे बताया कि पुलिस अब इन दोनों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है और संबंधित थानों से तालमेल बिठाकर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इन्होंने दिल्ली और आसपास के इलाकों में और कितनी गाड़ियां चोरी की हैं। फिलहाल दोनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और आगे की कानूनी कार्यवाही जारी है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More