सालों से फरार चल रहे थे बदमाश, उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की टीमों ने आठ घोषित अपराधियों को भेजा सलाखों के पीछे

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की पुलिस ने अपराधियों और भगोड़ों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। जिले के स्पेशल स्टाफ, थाना मुखर्जी नगर, जहांगीर पुरी और महेंद्र पार्क की समर्पित ‘पीओ टीमों’ ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए अलग-अलग मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आठ घोषित अपराधियों को गिरफ्तार और ट्रेस किया है। पकड़े गए आरोपियों में चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और एनआई एक्ट जैसे गंभीर मामलों के वांछित अपराधी शामिल हैं।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि स्पेशल स्टाफ के इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एसआई सुरेंद्र, अजय कुमार और महिला कांस्टेबल कोमल सहित एक विशेष टीम ने गाजियाबाद और नोएडा तक छापेमारी कर चार अपराधियों को दबोचा। इनमें सुनील (63 वर्ष), बबलू, बृजेश और एनआई एक्ट के मामले में वांछित सुधीर अग्रवाल (58 वर्ष) शामिल हैं। ये सभी आरोपी रोहिणी कोर्ट द्वारा घोषित अपराधी करार दिए गए थे और अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए ठिकाने बदल रहे थे।

इसी कड़ी में थाना मुखर्जी नगर की टीम ने अशोक विहार निवासी संजय चावला (53 वर्ष) को ट्रेस किया, जिसे आईपीसी की धारा 174A के तहत घोषित अपराधी बनाया गया था। वहीं, थाना जहांगीर पुरी की टीम ने स्थानीय निवासी राकेश उर्फ कल्लू को ट्रेस करने में सफलता प्राप्त की, जो साल 2016 और 2017 के पुराने आपराधिक मामलों में वांछित था। पुलिस टीमें लगातार इन अपराधियों की गतिविधियों पर नजर रख रही थीं।

डीसीपी ने आगे बताया कि थाना महेंद्र पार्क की पीओ टीम में शामिल महिला कांस्टेबल अंजू ने सराहनीय कार्य करते हुए दो अपराधियों को ट्रेस किया। इनमें आर्म्स एक्ट का आरोपी जयदेव उर्फ देवा और कश्मीरी गेट थाने के पुराने मामले में वांछित सलीम उर्फ परवेज शामिल है। पकड़े गए सभी 08 अपराधियों का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है और ये कानून की प्रक्रिया से बचने के लिए लंबे समय से फरार चल रहे थे। फिलहाल पुलिस इन सभी आरोपियों को संबंधित न्यायालयों में पेश कर आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More