पैदल घर लौट रहे युवक से मोबाइल छीनकर हुए थे फरार, केशव पुरम थाना पुलिस ने एक को दबोचा, अन्य की तलाश जारी

नई दिल्ली: दिल्ली के उत्तर-पश्चिम जिले की केशव पुरम थाना पुलिस ने झपटमारी की वारदात पर त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर स्नैचर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी कबीर (24 वर्ष) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से शिकायतकर्ता का छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया है। पकड़ा गया आरोपी वजीरपुर की जेजे कॉलोनी का रहने वाला एक सक्रिय अपराधी है, जो पूर्व में भी लूट की वारदातों में शामिल रहा है। पुलिस अब उसके फरार साथी अजय उर्फ डॉलर की तलाश में जुटी है।

उत्तर-पश्चिम जिले की डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि 24 मार्च को शिकायतकर्ता राहुल शर्मा, जो केशव पुरम स्थित एक फाइनेंस कंपनी में कार्यरत हैं, ने मोबाइल छीनने की शिकायत दर्ज कराई थी। पीड़ित कन्हैया नगर बस स्टैंड पर बस का इंतजार कर रहे थे और बस न आने पर पैदल ही इंदरलोक की ओर चल दिए। रात करीब 8:30 बजे दो लड़कों ने पीछे से आकर उनका मोबाइल छीना और फरार हो गए। इस संबंध में थाना केशव पुरम में बीएनएस की धारा 304(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी इंस्पेक्टर राजीव मलिक के नेतृत्व में हेड कांस्टेबल नवीन और कांस्टेबल राकेश की एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपियों के हुलिए और ठिकानों की जानकारी जुटाई। प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने टपकाना पुल क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी कबीर को धर दबोचा। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ।

पूछताछ के दौरान आरोपी कबीर ने कबूल किया कि उसने अपने साथी अजय उर्फ डॉलर के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया था। डीसीपी ने बताया कि आरोपी कबीर एक आदतन अपराधी है और वह पूर्व में भी लूट के एक मामले में शामिल रहा है। वह अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए सुनसान रास्तों पर राहगीरों को निशाना बनाता था। फिलहाल पुलिस उसके सह-आरोपी अजय की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गैंग ने इलाके में और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।

Comments are closed.

This website uses cookies to improve your experience. We'll assume you're ok with this, but you can opt-out if you wish. Accept Read More